एनएसयूआई ने डूसू चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की, अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा मैदान में

img

नई दिल्ली, शुक्रवार, 11 सितंबर 2026। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026-27 के चार प्रमुख पदों के लिए शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की जिसमें विजय शंकर मीणा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस से संबद्ध छात्र संगठन एनएसयूआई की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई एक पोस्ट के अनुसार, मीणा अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं जबकि वीर चतरथ को उपाध्यक्ष, नम्रता चौधरी को सचिव और गोपाल चौधरी को संयुक्त सचिव पद का उम्मीदवार बनाया है।

यह घोषणा दिल्ली विश्वविद्यालय के निर्वाचन अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्रों की जांच के बाद उम्मीदवारों की अनंतिम सूची जारी किए जाने के एक दिन बाद आई है। विश्वविद्यालय ने उम्मीदवारों को शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक अपना नामांकन वापस लेने की अनुमति दी है जिसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।  डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होना है। सुबह की पाली वाले कॉलेज के छात्र सुबह साढ़े आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक और शाम की पाली वाले कॉलेज के छात्र अपराह्न तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक वोट डाल सकते हैं। मतगणना 19 सितंबर को होगी। संगठन ने अपनी पोस्ट में ‘‘छात्र हितों को सर्वोपरि’’ का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘आइए, एक समृद्ध, सुरक्षित और बेहतर दिल्ली विश्वविद्यालय के निर्माण में एनएसयूआई का हाथ मजबूत करें।’’

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement