जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार
जम्मू, सोमवार, 07 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सोमवार को पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार कर किया और 2.6 किलोग्राम से अधिक अफीम बरामद की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़ी विश्वसनीय सूचना के आधार पर लखनपुर थाने की एक टीम ने श्मशान घाट के पास बाईपास सड़क पर जांच चौकी लगाई और एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। उन्होंने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान 1.026 किलोग्राम अफीम बरामद की गई और ट्रक चालक गुरविंदर सिंह तथा उसके सहयोगी सुखदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान सुखदेव ने खुलासा किया कि यह खेप गुजरात से भेजी गई थी और राजस्थान में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे सौंपी थी। सुखदेव ने बताया कि यह खेप पंजाब में एक व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस टीम ने सुखदेव के खुलासे के आधार पर पठानकोट के नक्की गांव में एक ठिकाने पर छापेमारी की, जहां कथित तौर पर खेप लेने वाले व्यक्ति राकेश कुमार का पता लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को पता चला कि अवैध खेप को राकेश के पड़ोसी अजय कुमार के घर में छिपाकर रखा गया था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद परिसर की तलाशी लेने पर बाकी मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिससे कुल बरामद अफीम की मात्रा 2.672 किलोग्राम हो गई। पुलिस ने राकेश कुमार और अजय कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि लखनपुर थाने में स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। उन्होंने बताया कि यह अभियान कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा की समग्र निगरानी में चलाया गया। पुलिस टीम का नेतृत्व लखनपुर थाना प्रभारी ने किया, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की निगरानी की।
Similar Post
-
हैदराबाद में ‘इंडिया’ के घटक दलों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकाली
हैदराबाद, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। तेलंगाना में कांग्रेस के ने ...
-
भारत ने सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हुए हमलों की निंदा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। भारत ने बृहस्पतिवार को सऊद ...
-
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी पर ‘लोकतंत्र की हत्या करने’ का आरोप लगाया
बेंगलुरु, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) क ...
