तमिलनाडु में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव, बांधों में जलस्तर बढ़ा

img

चेन्नई, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026। उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय होने के कारण तमिलनाडु के कई हिस्सों में लगातार बारिश होने जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है और कई स्थानों पर पानी भर गया है। रात भर भारी बारिश होने के कारण चेन्नई के कुछ हिस्सों और दक्षिणी जिलों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। कन्याकुमारी जिले में लगातार भारी बारिश से कोल्लमकोड नगरपालिका क्षेत्र प्रभावित हुआ है। कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जलजमाव के कारण वाहन और घर के जरूरी सामान डूब गए या खराब हो गए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि नागरिक निकाय के कर्मचारी घरों से पानी निकालने में जुटे हैं। इसके साथ ही नालों की रुकावटों को भी दूर किया जा रहा है ताकि जल निकासी तेजी से हो सके। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान के 29 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग ने राज्य में विभिन्न स्थानों पर गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है।

मदुरै में भारी बारिश के कारण 140 एकड़ से अधिक क्षेत्र में धान की फसल पानी में डूब गई। किसानों का कहना है कि नहरों की सफाई (गाद हटाने का काम) नहीं होने के कारण फसलें खराब हो रही हैं। उन्होंने  सरकार से मुआवजा देने की मांग की है। उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय होने से पेयजल आपूर्ति वाले मुख्य स्रोतों और सिंचाई बांधों में पानी का स्तर बढ़ गया है। चेन्नई में पेयजल आपूर्ति के लिए अहम छह प्रमुख जलाशयों की कुल भंडारण क्षमता बढ़कर 37 प्रतिशत तक पहुंच गई है। वही वैगई बांध में जल स्तर बढ़कर 44.88 फुट हो गया है, जबकि मुल्लापेरियार बांध में जल स्तर 116.90 फुट तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में 26 अक्टूबर तक मध्यम से भारी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement