तिरुवनंतपुरम में मुख्यमंत्री का काफिला रोकने के आरोप में कांग्रेस नेता गिरफ्तार
तिरुवनंतपुरम, शनिवार, 29 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन का काफिला रोकने के आरोप में कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस संबंध में मामला दर्ज होने के बाद तिरुवनंतपुरम ज़िला कांग्रेस कमेटी के नेता अनिल कुमार उर्फ चेंथी अनी को गिरफ़्तार कर लिया गया। उन पर और अन्य लोगों पर आरोप है कि उन्होंने शुक्रवार शाम समाज सुधारक श्री नारायण गुरु के जयंती कार्यक्रम में शामिल होने चेम्पाझंथी जा रहे सतीशन का काफिला रोक दिया। पुलिस ने बताया कि रास्ते में, चेंथी में श्री नारायण गुरु का एक अन्य कार्यक्रम आयोजित कर रहे लोगों के एक समूह ने मुख्यमंत्री की गाड़ी को रुकने का इशारा किया। सतीशन उनके आग्रह पर गाड़ी से बाहर निकले और टेलीविज़न फुटेज में कांग्रेस नेता अनी के साथ कथित तौर पर बहस करते दिखे। पुलिस ने बताया कि उस जगह कुछ मिनट बिताने के बाद सतीशन अपनी गाड़ी में लौटे और चले गए। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में चेंथी में किसी भी कार्यक्रम का उल्लेख नहीं था।
इस घटना के बाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत आयोजकों ने अपनी एक तस्वीर जारी की, जिसमें वे कुछ महीने पहले सचिवालय में मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें चेंथी में होने वाले कार्यक्रम के लिए आमंत्रण देते नजर आते हैं। उन्होंने पत्रकारों को यह भी बताया कि पुलिस बृहस्पतिवार को कार्यक्रम स्थल पर गई थी और मंच पर बैठने की अनुमति वाले लोगों की संख्या के बारे में सुझाव दिया था। शुक्रवार देर रात अनी को हिरासत में लेकर श्रीकार्यम थाने ले जाया गया, जहाँ मामला दर्ज किया गया। बाद में, पूछताछ के बाद उनकी गिरफ़्तारी दर्ज की गई। पुलिस ने कहा कि अनी को अदालत में पेश किया जाएगा, तथा अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। इस बीच, जिला कांग्रेस कमेटी घटना की जानकारी इकट्ठा कर रही है और अनी की गिरफ्तारी को लेकर चिंता जताई है।
Similar Post
-
परिसीमन पर उद्धव ठाकरे का रुख भ्रमित करने वाला, शिवसेना (उबाठा) विधेयक का समर्थन करे: शिरसाट
छत्रपति संभाजीनगर, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। महाराष्ट्र के मंत्र ...
-
ओडिशा सरकार ने पुरी में भगवान जगन्नाथ से जुड़ी 52 एकड़ जमीन हासिल की
भुवनेश्वर, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। ओडिशा सरकार ने 'भगवान जगन्न ...
-
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास खेत से ड्रोन बरामद
जम्मू, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंत ...
