सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अमित शाह बृहस्पतिवार से बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर
कोलकाता, गुरुवार, 20 अगस्त 2026। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार शाम पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंचेंगे। शाह सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कर्मियों से बातचीत करेंगे और समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शाह चेन्नई से रात करीब आठ बजे बागडोगरा हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां से वह सुकना जाएंगे और वहां रात्रि विश्राम करेंगे। शाह का पश्चिम बंगाल का यह दौरा तीन दिन का है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गृह मंत्री सिलीगुड़ी में एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय का दौरा करेंगे जहां वह सीमा सुरक्षा से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला रखने के कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा एसएसबी जवानों से बातचीत करेंगे। वह जवानों के साथ ‘‘बड़ा खाना’’ (सामूहिक भोज) में भी शामिल होंगे।
इसके बाद शाह सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में ‘भारतीय न्याय संहिता’ प्रदर्शनी से जुड़े एक कार्यक्रम और बैठक में शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के बाद शाह सुकना लौटेंगे और दो समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे जिनमें से एक सीमा सुरक्षा से जुड़ी होगी। गृह मंत्री शनिवार को बागडोगरा हवाई अड्डे से नयी दिल्ली रवाना होने से पहले दो बैठकें करेंगे। यह दौरा शाह के जुलाई में पश्चिम बंगाल के दौरे के ठीक एक महीने बाद हो रहा है, जब उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक चौकी का निरीक्षण किया था और बीएसएफ की परियोजनाओं की आधारशिला रखी थी।
Similar Post
-
ममता बनर्जी की मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक करने के मामले में 3 डॉक्टरों को भेजा गया नोटिस
कोलकाता, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमं ...
-
बिहार विधान परिषद चुनाव में नीरज का समर्थन नहीं करेंगे अनंत सिंह : ललन
पटना, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ...
-
अहमदाबाद मैराथन विश्व एथलेटिक्स के वैश्विक कैलेंडर में शामिल
अहमदाबाद, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। अदाणी अहमदाबाद मैराथन को 29 नव ...
