शिकारियों की हत्या: मुख्यमंत्री शिवकुमार ने तमिलनाडु से कर्नाटक प्रशासन में हस्तक्षेप न करने को कहा
बेंगलुरु, मंगलवार, 18 अगस्त 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने तीन संदिग्ध शिकारियों की मौत के मामले में तमिलनाडु के नेताओं को राज्य के प्रशासन में हस्तक्षेप नहीं करने की चेतावनी दी और कहा कि कर्नाटक अपने क्षेत्र की गरिमा और संप्रभुता की रक्षा करेगा। शिवकुमार ने 15 अगस्त को चामराजनगर में मारे गए तीन लोगों की मौत की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की तमिलनाडु के कुछ नेताओं की मांग को भी खारिज कर दिया। इन लोगों के तमिल होने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को अपने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर ध्यान देना चाहिए। शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘यह संघीय व्यवस्था है। किसी भी राज्य को दूसरे राज्य के प्रशासन में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। लोगों को यह बुनियादी बात समझनी चाहिए। मैं तमिलनाडु की कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी समस्या में हस्तक्षेप नहीं कर सकता। हर राज्य की अपनी समस्याएं हैं।’’
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब मंगलवार को तमिलनाडु विधानसभा में भी यह मामला उठा और विभिन्न दलों के सदस्यों ने कर्नाटक वन विभाग से जुड़ी गोलीबारी की घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। चामराजनगर जिले के हनूर तालुक के गांवों में रहने वाले एंथनी सामी, जॉन रोज पीटर और कुमार की 15 अगस्त को तड़के कावेरी वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में वन विभाग के कर्मियों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने इसकी कड़ी निंदा की थी और इस जघन्य घटना की उच्चस्तरीय समिति से निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
कर्नाटक के अधिकारियों के अनुसार, वन विभाग के कर्मी अवैध शिकार विरोधी अभियान चला रहे थे, तभी समूह की ओर से उन पर गोलीबारी की गई। इसके बाद कर्मियों ने कथित तौर पर आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा कि वह हर बयान पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। शिवकुमार ने कहा, ‘‘उन्हें यह भी पता होना चाहिए कि हम अपने राज्य की रक्षा करना जानते हैं। उन्हें अपना काम करने दीजिए, हम अपना काम करेंगे… मैं उनके प्रशासन में हस्तक्षेप नहीं करना चाहता। हमें अपने राज्य की गरिमा की रक्षा करनी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं हर बात पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। यह एक सामान्य मुद्दा है। उन्हें अपना काम करना चाहिए और हमें अपना काम करना चाहिए।’’
Similar Post
-
कर्नाटक विधानपरिषद में कांग्रेस सदस्य उमाश्री उपसभापति निर्वाचित हुईं
बेंगलुरु, मंगलवार, 18 अगस्त 2026। कर्नाटक विधानपरिषद में मंगलव ...
-
लालू का 19 अगस्त को लोकभवन मार्च का आह्वान, सरकार पर छात्रों पर एके-47 चलाने का आरोप
पटना, मंगलवार, 18 अगस्त 2026। बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ...
-
भारत के साथ साझेदारी को मजबूत करने के लिए ऑस्ट्रेलियाई शिक्षा प्रतिनिधिमंडल पुणे पहुंचा
पुणे, मंगलवार, 18 अगस्त 2026। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा ...
