आप नेता सोमनाथ भारती ने भाजपा नेताओं को मानहानि का नोटिस भेजा
नई दिल्ली, सोमवार, 10 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सोमनाथ भारती ने तीन जून को राष्ट्रीय राजधानी के हौजरानी इलाके में एक होटल में लगी आग को लेकर टिप्पणी करने के मामले में भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और विधायक हरीश खुराना को सोमवार को मानहानि का नोटिस भेजा। नोटिस के मुताबिक, भाजपा नेताओं ने भारती और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज हौज रानी के उस होटल को लाइसेंस देने के लिए ज़िम्मेदार ठहराया था, जिसमें आग लगने से 23 लोगों की जान चली गई थी। भारती ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘भाजपा नेताओं ने घटना का दोष दूसरों पर मढ़ने के लिए गैर-जिम्मेदाराना बयान दिए थे और मैं मांग करती हूं कि वे अपने आरोपों का आधार स्पष्ट करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे माफी नहीं मांगते हैं, तो हम उनसे अदालत में मिलेंगे।’’ हौज रानी में तीन जून को ‘बेड एंड ब्रेकफ़ास्ट’ नामक होटल में लगी आग में कई विदेशियों सहित 23 लोगों की मौत हो गई थी। भारती ने होटल लाइसेंस का जिक्र करते हुए कहा कि यह तीन मई, 2024 को जारी किया गया था और उस साल 16 मार्च को लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया था और इस प्रकार प्रशासन निर्वाचन आयोग की देखरेख में चल रहा था।
आप नेता ने कहा, ‘‘होटल बनाने, उसे चलाने या उसका लाइसेंस देने में न तो विधायक की और न ही मंत्री की कोई भूमिका होती है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं मल्होत्रा और खुराना ने इस घटना की जिम्मेदारी उन पर और भारद्वाज पर डाली थी। भारती के आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। भारती ने कहा कि उन्होंने अपनी और भारद्वाज की ओर से मानहानि का नोटिस भेजा है, जिसमें भाजपा नेताओं से उनके आरोपों का आधार बताने को कहा गया है।मल्होत्रा ने तीन जून को लगी आग के बाद जारी बयान में आरोप लगाया था कि उस समय की आप सरकार के कार्यकाल में छह कमरों के लिए जारी लाइसेंस का इस्तेमाल पूरी इमारत में होटल चलाने के लिए किया गया था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उस प्रतिष्ठान को अधिक भार वाला बिजली कनेक्शन दिया गया था और जरूरी अग्नि सुरक्षा से संबंधित अनापत्ति प्रमाणपत्र की ठीक से जांच नहीं की गई थी। मल्होत्रा ने यह भी आरोप लगाया था कि पर्यटन विभाग ने मई 2024 में लाइसेंस जारी किया था, तब भारद्वाज मंत्री थे। उन्होंने कहा कि भारद्वाज को यह बताना चाहिए कि उनके कार्यकाल में ऐसी चूक कैसे हुई। उस इलाके के तीन बार विधायक रहे भारती ने कहा कि घटना के तुरंत बाद वह मौके पर गए और आरोप लगाया कि आपात कॉल के करीब डेढ़ घंटे बाद अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे।
Similar Post
-
विश्व भारती के कला भवन और ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रीनविच के बीच समझौता
शांतिनिकेतन (पश्चिम बंगाल), सोमवार, 10 अगस्त 2026। विश्व भारती व ...
-
दिल्ली पुलिस ने जालसाजी मामले में 12 साल से फरार आरोपी को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया
नई दिल्ली, सोमवार, 10 अगस्त 2026। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने ज ...
-
आप नेता सोमनाथ भारती ने भाजपा नेताओं को मानहानि का नोटिस भेजा
नई दिल्ली, सोमवार, 10 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सोमन ...
