मेरठ में कांवड़ियों पर मुख्यमंत्री योगी ने की पुष्प वर्षा
मेरठ, शनिवार, 08 अगस्त 2026। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिव भक्तों की आस्था और उमंग के बीच शनिवार को मेरठ का कांवड़ मार्ग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पुष्प वर्षा का साक्षी बना। मुख्यमंत्री ने दुल्हैड़ा चुंगी पहुंचकर कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेरठ-रुड़की राजमार्ग पर इस समय कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री का काफिला दुल्हैड़ा चुंगी पहुंचा, जहां पुलिस चौकी के समीप विशेष मंच तैयार किया गया था। मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सड़क से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की। कुछ देर के लिए पूरा माहौल फूलों और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री का कांवड़ियों को संबोधित करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन उन्होंने मंच से कोई संबोधन नहीं किया। वह करीब 30 मिनट तक मेरठ में रहे और इसके बाद वापस शोभित विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री का राजकीय विमान पहले गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचा था। वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। करीब 12 बजकर 22 मिनट पर हेलीकॉप्टर के हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से दुल्हैड़ा चुंगी के लिए रवाना हुए।
इस दौरान मंच पर सांसद अरुण गोविल और राजकुमार सांगवान, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद तथा मेरठ के महापौर हरिकांत अहलूवालिया समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मेरठ पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद और बागपत क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई निरीक्षण भी किया। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या और लगातार बढ़ रही आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड से दुल्हैड़ा चुंगी तक पूरे मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी रखी, जबकि यातायात को नियंत्रित करने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए। पुष्प वर्षा के बाद मुख्यमंत्री वापस हेलीपैड पहुंचे और वहां से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। कांवड़ यात्रा के इस दौर में मेरठ-रुड़की हाईवे पर आस्था का विशाल कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री की पुष्पवर्षा ने यात्रा के दृश्य को एक भावनात्मक और प्रतीकात्मक रंग दे दिया।
Similar Post
-
चंबा में सवारियों से भरी निजी बस खाई में गिरने से सात लोगों की दर्दनाक मौत
- ग्यारह यात्री गंभीर रूप से घायल
चंबा, शनिवार, 08 अ ...
-
प्रधानमंत्री के पास 'गद्दारों' के लिए समय, प्रदर्शनकारी युवाओं के लिए नहीं : उद्धव ठाकरे
मुंबई, शनिवार, 08 अगस्त 2026। शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ...
-
मेरठ में कांवड़ियों पर मुख्यमंत्री योगी ने की पुष्प वर्षा
मेरठ, शनिवार, 08 अगस्त 2026। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिव ...
