कॉजपा ने झारखंड में परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया
रांची, सोमवार, 03 अगस्त 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने झारखंड में अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी का विरोध कर रहे छात्रों का समर्थन किया है। परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में एक आंदोलनकारी के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने के बाद कॉजपा ने यह कदम उठाया है। कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि उन्होंने रविवार रात वीडियो कॉल के माध्यम से छात्र नेताओं से बात की। दीपके ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर झारखंड में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बात की।
कॉजपा झारखंड के सभी छात्रों के साथ है और उनकी मांगों का समर्थन करता है।’’ छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने रविवार रात करीब 10 बजे यहां जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन स्थल पर भूख हड़ताल शुरू की, जिसमें 14वीं जेपीएससी परीक्षा, जेएसएससी-सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई तथा ईडी से जांच कराने की मांग की गई। अपनी भूख हड़ताल शुरू करने से पहले, उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कथित अनियमितता के मामले में केंद्र और राज्य सरकारों का ‘लापरवाही वाला रवैया’ छात्रों, युवाओं और अभ्यर्थियों का मनोबल तोड़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘छात्रों के उत्साहवर्द्धन के लिए, मैं भूख हड़ताल शुरू कर रहा हूं।’’ सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘भूख हड़ताल का यह दूसरा दिन है। 5 जुलाई को शुरू हुआ यह संघर्ष और 25 जुलाई से चल रहा दिन-रात का ‘सत्याग्रह’ अब मुश्किल दौर में पहुंच गया है। शरीर में कमजोरी है, कदम भारी हैं, लेकिन छात्रों को इंसाफ दिलाने का इरादा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।’’ प्रदर्शनकारी 29 जुलाई से स्टेडियम में धरना दे रहे हैं। उन्हें पूरे देश से समर्थन मिल रहा है, अलग-अलग शहरों से लोग ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के जरिए प्रदर्शन स्थल पर खाने की चीजें उपलब्ध करा रहे हैं।
Similar Post
-
वक्फ (संशोधन) अधिनियम की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई 21 जनवरी तक टली
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। उच्चतम न्यायालय ने वक्फ (संश ...
-
भारतीय नौसेना ने सोमालिया तट के पास समुद्री डाकुओं के कब्जे से 20 लोगों को छुड़ाया
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। भारतीय नौसेना ने 48 घंटे से अध ...
-
कांग्रेस नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने मांगी माफी
बेंगलुरु/कोलार, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। भारतीय जनता पार्टी (भा ...
