ट्रेन के इंजन में लगी आग, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बदायूं (उप्र), सोमवार, 03 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिनावर क्षेत्र के मालगांव रेलवे स्टेशन के निकट सोमवार सुबह बरेली-कासगंज रेलमार्ग पर एक पैसेंजर ट्रेन के इंजन में आग लग गयी, मगर ट्रेन चालक की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) राहुल पांडेय ने बताया कि कासगंज से बरेली जा रही पैसेंजर ट्रेन मलगांव रेलवे फाटक के पास पहुंची थी, तभी अचानक इंजन की वायरिंग में आग लग गयी और उससे धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। उन्होंने बताया कि यह देखकर ट्रेन चालक सर्वेश सिंह ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और तुरंत रेलवे नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पहले रेलवे कर्मचारियों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जब आग नहीं बुझी तो दमकल की मदद ली गयी और करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ट्रेन प्रबंधक पीयूष कुमार वर्मा ने बताया कि आग लगने की असली वजह जांच के बाद पता चलेगी, हालांकि ट्रेन को आगे ले जाने के लिए दूसरा इंजन मंगाया गया है। रेलवे के सूत्रों ने बताया कि इस घटना के कारण बरेली-कासगंज रेलमार्ग पर यातायात तीन घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रहा और कई ट्रेनों को बदायूं, कछला ब्रिज, घटपुरी और कासगंज स्टेशनों पर रोका गया, जिससे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस क्षेत्राधिकारी पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में किसी भी तरह की जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
Similar Post
-
केरलम सरकार पंजीकृत मछुआरों की प्राकृतिक मौत को कवर करने के लिए बीमा योजना शुरू करेगी
तिरंवनतपुरम, शुक्रवार, 18 सितंबर 2026। केरलम सरकार पंजीकृत मछु ...
-
बंगाल एसआईआर: मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने से जुड़ी 37 लाख से अधिक अपील लंबित
नई दिल्ली, शुक्रवार, 18 सितंबर 2026। निर्वाचन आयोग ने उच्चतम न् ...
-
डूसू चुनाव: पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण रहा, प्राचार्यों ने बड़ी घटना से इनकार किया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 18 सितंबर 2026। दिल्ली विश्वविद्यालय छात् ...
