वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 192 रुपये सस्ता

img

नई दिल्ली, शनिवार, 01 अगस्त 2026। तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार से 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में कटौती की है। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में एक अगस्त से वाणिज्यिक एपलीजी सिलेंडर 2,930 रुपये की जगह 2,738 रुपये का मिलेगा। इस प्रकार इसमें 192 रुपये की कटौती की गयी है। वहीं, 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में गिरावट के बाद सार्वजनिक तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए जुलाई में भी रसोई गैस के दाम घटाये थे। उस समय दिल्ली में कीमत 183.50 रुपये कम की गयी थी। देश के अलग-अलग शहरों में वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत और कटौती अलग-अलग है। यह कंपनियों की लागत और अन्य स्थानीय कारकों के हिसाब से तय होती है। कोलकाता में आज से 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक सिलेंडर 2,872.50 रुपये का हो गया है। इसकी कीमत में 209 रुपये की कटौती हुई है। मुंबई में कीमत 194 रुपये और चेन्नई में 200 रुपये कम की गयी है। दोनों महानगरों में नयी कीमत क्रमशः 2,691.50 रुपये और 2,906 रुपये है।

घरेलू इस्तेमाल वाले 14 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत मुंबई 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये पर स्थिर है। पश्चिम एशिया संकट के कारण रसोई गैस की आपूर्ति में बाधा के मद्देनजर तेल विपणन कंपनियों ने मार्च से जून के बीच एलपीजी के दाम में अच्छी खासी वृद्धि की थी। आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से घरेलू सिलेंडर के दाम ज्यादा नहीं बढ़ाये गये थे। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में कमी के बाद वाणिज्यिक सिलेंडर के दाम लगातार दूसरी बार घटाये गये हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement