हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
नई दिल्ली, गुरुवार, 23 जुलाई 2026। लोकसभा में विपक्षी दलों के सदस्य ने पेपर लीक मुद्दे पर गुरुवार को भी भारी हंगामा किया जिसके कारण कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गयी। पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने दो बार के स्थगन के बाद दो बजे सदन की कार्यवाही शुरू की तभी विपक्षी सदस्य हंगामा करने लगे। श्री सैकिया ने सदस्यों से नियम 377 के तहत मामले उठाने का आग्रह किया और कहा कि यह महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी को अपने-अपने स्थान पर जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सदन को बार बार बाधित करना सही नहीं है। पीठासीन अधिकारी के बार-बार आग्रह के बावजूद हंगामा नहीं थमने पर कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गयी।
इससे पहले श्री सैकिया ने एक बार के स्थगन के बाद 12 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू की विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने हंगामे के बीच ही आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। विपक्षी दलों के हंगामे पर संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि सरकार ने कल भी सदन चलने देने विपक्षी सदस्यों से अपील की थी। कांग्रेस तथा विपक्ष के अन्य दलों के नेताओं से व्यक्तिगत स्तर बातें की है कि आपका जो सुझाव है उस पर लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम सरकार पेपर लीक पर विपक्ष के साथ चर्चा करना चाहती है लेकिन इसमें सहयोग करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए पेपर लीक करने वालों और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की पहले ही घोषणा कर दी है। उन्होंने विपक्ष के सदस्यों से आग्रह किया कि वे सदन में सहयोग करें और सदन चलने दें और जो उनके मुद्दे हैं उन पर सदन में चर्चा की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हंगामा कर चर्चा से भागना चाहता है। रिजिजू ने विपक्षी दलों के नेताओं से पेपर लीक के मामले पर राजनीति नहीं करने का आग्रह करते हुए कहा कि संसद को मिलकर हम सबको इस समस्या के समाधान के लिए चर्चा करनी चाहिए।
पीठासीन अधिकारी ने भी सदस्यों से हंगामा नहीं करने की अपील की और कहा कि सदन का समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सदस्यों से अपनी सीटों पर बैठकर सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी इसलिए उन्होंने सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी। इससे पहले आज सदन की कार्यवाही 11 बजे शुरु होते ही विपक्ष ने नीट के मुद्दे पर हंगामा किया। शोरगुल और हंगामा देखकर अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इस तरह शोरगुल करने से किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। सरकार पेपर लीक पर सदन में चर्चा कराने को तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रश्न काल चलने दीजिए। प्रश्न काल के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोग उनके चैम्बर में आयें और बातचीत से कोई समाधान निकाला जाये। नियमों के तहत हर विषय पर चर्चा करायी जायेगी। शोरगुल थमता न देखकर उन्होंने कहा कि सदस्य सदन की कार्यवाही चलने देना नहीं चाहते। उन्होंने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
Similar Post
-
प्रधानमंत्री का जवाब नाकाफी है, प्रधान के इस्तीफे तक जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे: कॉजपा
नई दिल्ली, गुरुवार, 23 जुलाई 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने ...
-
हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
नई दिल्ली, गुरुवार, 23 जुलाई 2026। लोकसभा में विपक्षी दलों के सद ...
-
जवाबदेही से बच रही सरकार, नड्डा ने नहीं दिया राहुल गांधी के सवालों का जवाब : कांग्रेस
नई दिल्ली, गुरुवार, 23 जुलाई 2026। कांग्रेस ने कहा है कि सरकार पे ...
