उत्तर-पश्चिम भारत में 19 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून, हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में बारिश के आसार
पंचकुला, मंगलवार, 14 जुलाई 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर-पश्चिम भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय बने रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 19 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने इस क्षेत्र के कई हिस्सों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है, जबकि हफ्ते के अंतिम हिस्से में हिमालयी राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान है। राष्ट्रीय पूर्वानुमान केंद्र की ओर से मंगलवार को जारी मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 14-19 जुलाई के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार, पर्वतीय इलाकों में बारिश ज्यादा प्रबल होगी। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 14-17 जुलाई के बीच अलग-अलग जगहों पर छिटपुट बारिश होने का अनुमान है, जबकि 18-19 जुलाई को यह अधिक इलाकों में फैल जायेगी। उत्तराखंड में भी 14-19 जुलाई के बीच व्यापक बारिश हो सकती है, जबकि 15-19 जुलाई के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 18 और 19 जुलाई को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान लगाया है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17-19 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने 14 से 19 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में कहीं-कहीं बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा (तेज़ हवा के झोंके 60 किमी/घंटा तक) की रफ़्तार से हवा चलने के साथ आंधी-तूफ़ान की चेतावनी दी है। उत्तराखंड में भी 14-19 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं आंधी-तूफ़ान और बिजली गिरने का अनुमान जताया गया है। बारिश के अलावा, मौसम विभाग ने आज उत्तर-पश्चिम भारत में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान जताया है, जिससे कुछ खुले इलाकों में दृश्यता पर असर पड़ सकता है।
Similar Post
-
हिमाचल उच्च न्यायालय ने कृषि विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति से जुड़े राज्य के नियम रद्द किए
शिमला, शुक्रवार, 28 अगस्त 2026। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने ...
-
ठाणे : अपराध शाखा के पुलिसकर्मी बनकर आए लोगों ने वाहन से 61.5 लाख रुपये लूटे
ठाणे, शुक्रवार, 28 अगस्त 2026। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में अपरा ...
-
पंजाब पुलिस ने हथियार, मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, छह गिरफ्तार
चंडीगढ़, शुक्रवार, 28 अगस्त 2026। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव ...
