डीयू ने एनईपी के तहत एक साल के पीजी कार्यक्रम में दाखिले की शुरुआत की

img

नई दिल्ली, रविवार, 05 जुलाई 2026। दिल्ली विश्वविद्यालय ने पहली बार अपने एक वर्षीय स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह सुविधा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पूरा करने वाले छात्रों को कम समय में परास्नातक डिग्री हासिल करने का अवसर देगी। विश्वविद्यालय ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पांच जुलाई से शुरू हो गई है और यह केवल उन छात्रों के लिए खुली है, जिन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम ढांचा (यूजीसीएफ)-2022 के तहत अपनी पढ़ाई पूरी की है। विश्वविद्यालय के अनुसार, एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश चार वर्षीय स्नातक डिग्री और संबंधित पाठ्यक्रम की निर्धारित पात्रता शर्तों के आधार पर मेरिट से होगा।

प्रवेश के लिए पंजीकरण स्नातकोत्तर प्रवेश पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने कहा कि यह कदम एनईपी-2020 के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसने कहा कि नयी व्यवस्था के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में आवश्यक क्रेडिट अर्जित करने वाले छात्र पारंपरिक दो वर्षीय मास्टर डिग्री के बजाय सीधे एक वर्षीय परास्नातक कार्यक्रम में प्रवेश ले सकेंगे। विश्वविद्यालय ने जीएटी-बी 2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए 'प्लांट मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी' विषय में दो वर्षीय एमएससी पाठ्यक्रम में प्रवेश की भी घोषणा की है।

इस बीच, साझा सीट वितरण प्रणाली (सीएसएएस) के तहत स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया भी जारी है। विश्वविद्यालय को अब तक 1,48,407 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 62,524 छात्रों ने पाठ्यक्रम और कॉलेज की प्राथमिकताएं भरकर दूसरा चरण पूरा कर लिया है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 जुलाई है। विश्वविद्यालय ने बताया कि पारंपरिक दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अब तक करीब 9,500 प्रवेश पूरे हो चुके हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार, मौजूदा प्रवेश चरण की प्रक्रिया रविवार रात 11:59 बजे समाप्त होगी, जबकि एमएफए, बी.पी.एड., एम.पी.एड. और संगीत जैसे प्रदर्शन-आधारित पाठ्यक्रमों सहित तीसरी सूची नौ जुलाई को जारी की जाएगी। इस बीच, बीटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए दूसरी सूची भी जारी कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को आठ जुलाई तक अपनी सीट स्वीकार करनी होगी।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement