नीट प्रश्न पत्र लीक : अदालत ने 10 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ाई
नई दिल्ली, सोमवार, 29 जून 2026। दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिये राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक 2026 के प्रश्न पत्र लीक मामले में गिरफ्तार 10 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ा दी। विशेष न्यायाधीश विजेता सिंह रावत मामले में आगे की जांच के लिए हिरासत बढ़ाने की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की अर्जी पर सुनवाई कर रही थीं। उन्होंने विशेष लोक अभियोजक वी.के. पाठक की तरफ से दायर इस याचिका को मंजूरी दे दी। इस मामले में गिरफ्तार 13 आरोपियों में से 10 को सोमवार को उनकी न्यायिक हिरासत अवधि खत्म होने के बाद अदालत के समक्ष डिजिटल माध्यम से पेश किया गया। अदालत ने यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, धनंजय लोखंडे, तेजस हर्षद शाह, शुभम खैरनार, मनीषा वाघमारे, मनीषा हवलदार और डॉ. मनोज शिरुरे की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी।
बाकी तीन आरोपियों में से, कथित मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी और शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को पहले ही आठ जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एक अन्य आरोपी, मनीषा गुरुनाथ मंधारे को अदालत ने 30 जून तक 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 12 मई को पेपर लीक के आरोपों के बीच चिकित्सा पाठ्यक्रमों के लिए 3 मई को आयोजित नीट-स्नातक को रद्द कर दिया। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। सीबीआई ने शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर पेपर लीक के मामले में केस दर्ज किया था।
Similar Post
-
शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा की चौखट पर सिर झुकाकर लोकतांत्रिक संस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया
बेंगलुरु, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
-
आय से अधिक संपत्ति मामला: उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय पहुंचे राहुल गांधी
नई दिल्ली, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ...
-
मुंबई में भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या आठ हुई, बचाव अभियान बंद किया गया
मुंबई, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। मुंबई के साकीनाका में हुए भूस्खल ...
