विजय ने नशा-विरोधी मैराथन को दिखाई हरी झंडी, प्रतिभागियों के साथ छह किलोमीटर दौड़े

img

चेन्नई, शुक्रवार, 26 जून 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को हजारों प्रतिभागियों के साथ छह किलोमीटर लंबी नशा-विरोधी मैराथन में सक्रिय रूप से दौड़ लगाई। विजय ने केवल कार्यक्रम को झंडी दिखाकर रवाना करने या औपचारिक रूप से कुछ दूरी तक दौड़ने की परंपरा से अलग हटकर पूरा मार्ग तय किया। एक अधिकारी ने बताया कि 52 वर्षीय विजय खेल परिधान पहनकर चेन्नई के मरीना बीच पर आयोजित इस दौड़ में लगातार पूरे छह किलोमीटर तक दौड़े। सामाजिक उद्देश्य के लिए आम लोगों के साथ इतनी दूरी तक दौड़ने वाले तमिलनाडु के वह पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ और अवैध तस्करी विरोधी दिवस के मौके पर विजय ने लोगों से नशामुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ राज्य के निर्माण के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हुए सशक्त संदेश भी दिया। अधिकारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्रियों को योग, पैदल चलने, जॉगिंग या जिम में व्यायाम करने जैसी फिटनेस गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है, यह पहला मौका है जब किसी मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों के साथ ऐसी दौड़ में हिस्सा लिया।

इससे पहले विजय ने 'स्टार्ट रन, स्टॉप ड्रग्स' जागरूकता मैराथन को आधिकारिक रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। इसके बाद तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक विजय मंच से उतरकर उत्साही प्रतिभागियों की जोरदार तालियों और नारों के बीच दौड़ने लगे। यह मैराथन तमिलनाडु खेल विकास प्राधिकरण (एसडीएटी) द्वारा आयोजित की गई थी। उनके इस अभूतपूर्व कदम की पूर्व राज्यपाल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन ने सराहना की।

उन्होंने 'एक्स' पर कहा, "माननीय मुख्यमंत्री विजय को आज बड़ी संख्या में युवाओं के साथ नशा-विरोधी मैराथन में भाग लेते देखना सुखद और सराहनीय है। जब नेता लोगों के साथ चलते, दौड़ते और खड़े होते हैं, तो जागरूकता हर घर तक पहुंचती है। नशे के खिलाफ लड़ाई राजनीति से ऊपर है। आइए, हम सब मिलकर नशामुक्त तमिलनाडु के लिए काम करें।" कार्यक्रम शुरू होने से पहले विजय ने प्रतिभागियों को शपथ दिलाई, जिसमें उन्होंने नशीले पदार्थों से दूर रहने, अपने परिवार और मित्रों को नशे की लत के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने तथा मादक पदार्थों की लत से जूझ रहे लोगों के पुनर्वास में सहयोग देने का संकल्प लिया।

शपथ में तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार की पहलों का समर्थन करने तथा राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का भी संकल्प शामिल था। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 'प्रतिबद्धता बोर्ड' पर हस्ताक्षर करते हुए लिखा, "स्पोर्ट्स एडु, ड्रग्स विडु" (खेल अपनाओ, नशा छोड़ो)। लोगों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तमिलनाडु के विभिन्न जिलों में भी इसी प्रकार की नशा-विरोधी दौड़ और मिनी मैराथन आयोजित की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए रचनात्मक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी, कानूनों के कड़े अनुपालन और सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ और अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराध की रोकथाम और नशामुक्त तमिलनाडु के निर्माण के लिए नशीले पदार्थों के विनाशकारी प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है।"

उन्होंने कहा, "शिक्षा, खेल और कौशल विकास जैसी रचनात्मक गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, कानून का सख्ती से पालन कराने तथा सामूहिक सामुदायिक प्रयासों को बढ़ावा देने के माध्यम से हम नशीले पदार्थों की समस्या का उन्मूलन कर एक सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।" मुख्यमंत्री ने कहा, "आइए, हम सभी नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए तमिलनाडु सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न पहलों का समर्थन करें और इस अवसर पर नशामुक्त, सुरक्षित तथा स्वस्थ तमिलनाडु के निर्माण का संकल्प लें।"
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement