जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया
श्रीनगर/जम्मू, गुरुवार, 25 जून 2026। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को कहा कि आगामी वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और घाटी के लोग देश भर से आने वाले तीर्थयात्रियों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में पत्रकारों से बातचीत में सिन्हा ने कहा, ''जम्मू-कश्मीर प्रशासन, सुरक्षा बलों, भारत सरकार और प्रदेश सरकार ने मिलकर देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का इंतजाम किया है।'' उपराज्यपाल ने एक बैठक में यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया और संतोष व्यक्त किया।
सिन्हा ने कहा, ''आज एक बैठक हुई जिसमें अलग-अलग विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए। मैं संतुष्ट हूं कि सभी इंतजाम अच्छे हैं। मैं देश भर के श्रद्धालुओं से कहना चाहता हूं कि स्थानीय लोग उनका स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।'' तीन जुलाई को पहलगाम और बालटाल के दो रास्तों से 57 दिनों की यह यात्रा शुरू होगी। यह 28 अगस्त को संपन्न होगी। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के तहत जम्मू जिले के आर.एस. पुरा सीमा क्षेत्र के कई संवेदनशील इलाकों में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों की मदद से चलाया गया। चकरोई इलाके में तलाशी ली गई जिसमें आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के घर भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि बासपुर बांग्ला इलाके में भी इसी तरह के अभियान चलाए गए। अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करते हुए परिवार के सदस्यों और वहां रहने वालों की मौजूदगी में सभी चिह्नित जगहों की तलाशी ली गई। उन्होंने कहा, ''इस अभियान के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति, प्रतिबंधित सामान, अपराध से जुड़ा कोई सामान या आपत्तिजनक चीज़ें नहीं मिलीं।''
Similar Post
-
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश
जयपुर, सोमवार, 29 सितंबर 2026। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से रा ...
-
राउत का महाराष्ट्र एफडीए अधिकारियों पर उगाही का आरोप, स्वतंत्र जांच की मांग
मुंबई, सोमवार, 29 सितंबर 2026। शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ...
-
अखिलेश यादव का चुनावी ऐलान : सत्ता में आए तो पुरानी पेंशन बहाल, शिक्षामित्रों को शिक्षक बनाने का वादा
लखनऊ, सोमवार, 29 सितंबर 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अख ...
