बेंगलुरु में आठ करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, दो विदेशी नागरिक समेत 23 लोग गिरफ्तार

img

बेंगलुरु, मंगलवार, 16 जून 2026। कर्नाटक के बेंगलुरु में पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थों और तंबाकू उत्पादों की खरीद-बिक्री करने के आरोप में दो विदेशी नागरिकों समेत 23 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के मादक पदार्थ निरोधक दस्ते ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अलग-अलग तिथियों पर अभियान चलाया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान दो विदेशी नागरिकों, अन्य राज्यों के छह लोगों और 15 स्थानीय निवासियों समेत कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिलने के बाद स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस टीमों ने चिन्हित स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को हिरासत में लिया।

अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे राज्य के बाहर और विदेशों से जुड़े अज्ञात तस्करों से कम कीमत पर मादक पदार्थ खरीदते थे और उन्हें अधिक दाम पर आम लोगों तथा कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि आरोपियों के कब्जे से 5.3 किलोग्राम 'हाइड्रोपोनिक' गांजा, 143 ग्राम कोकीन, 10.9 किलोग्राम गांजा, 237 ग्राम एमडीएमए, 107 ग्राम मेथामफेटामाइन, 180 डिब्बे ई-सिगरेट, 452 डिब्बे विदेशी सिगरेट, 1,206 हुक्का सिगरेट, 490 विदेशी सिगरेट, 126 हुक्का सेट और 100 ई-सिगरेट रिफिल बरामद कीं।

'हाइड्रोपोनिक' गांजा, गांजे की उच्च क्षमता वाली किस्म है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर जल-आधारित प्रणाली में उगाया जाता है। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये है जबकि इसका बाजार मूल्य करीब आठ करोड़ रुपये आंका गया है। सभी 23 आरोपियों को अलग-अलग तिथियों पर संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को प्रतिबंधित सामग्री उपलब्ध कराने वाले तस्करों की पहचान और उनकी तलाश के प्रयास जारी हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement