माकपा अपनी राजनीतिक गिरावट के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहरा रही है : वेणुगोपाल

img

तिरुवनंतपुरम, रविवार, 14 जून 2026। कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने रविवार को राहुल गांधी की आलोचना को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वामपंथी पार्टी अपनी राजनीतिक गिरावट और चुनावी पराजयों के लिए कांग्रेस नेता को जिम्मेदार ठहरा रही है। वेणुगोपाल ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी पर माकपा के हमले उसकी ''राजनीतिक असुरक्षा'' और हालिया चुनावी हार के कारणों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने में उसकी विफलता को दर्शाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ''केरल में अपने निराशाजनक चुनावी प्रदर्शन के कारणों का विश्लेषण करने के बजाय माकपा राहुल गांधी को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है। यदि वह इसी रास्ते पर चलती रही तो पार्टी को और भी बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।'' उन्होंने कहा कि माकपा की समस्याओं के लिए राहुल गांधी को दोष देना ऐसा है जैसे ''चेहरा खराब दिखने पर आईना तोड़ देना।'' कांग्रेस नेता ने दावा किया कि केरल के बाहर संसद में माकपा का अस्तित्व काफी हद तक कांग्रेस और उसके सहयोगियों के समर्थन पर टिका हुआ है, इसलिए राहुल गांधी की उसकी आलोचना विडंबना है। उन्होंने माकपा पर यह आरोप भी लगाया कि वह ''आसानी से यह भूल रही है'' कि उसके कुछ नेता केरल के बाहर कांग्रेस-नीत गठबंधन के समर्थन से चुनाव जीत चुके हैं।

वेणुगोपाल ने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन का गठन कांग्रेस की पहल पर लोकतंत्र और संविधान को बचाने तथा भाजपा को राजनीतिक रूप से पराजित करने के उद्देश्य से किया गया था, जिसे उन्होंने ''भाजपा की निरंकुश प्रवृत्तियों'' के खिलाफ एक प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां व्यापक राष्ट्रीय राजनीतिक एजेंडे पर काम करती है, वहीं माकपा संकीर्ण क्षेत्रीय हितों से संचालित होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी सीमित राजनीतिक दृष्टिकोण ने पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में कम्युनिस्ट आंदोलन के पतन में योगदान दिया है। वेणुगोपाल ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ विपक्ष की लड़ाई में वह अग्रिम पंक्ति में रहे हैं और स्वयं भी राजनीतिक प्रताड़ना के शिकार रहे हैं। वेणुगोपाल की यह प्रतिक्रिया तब आयी है जब एक दिन पहले केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन समेत माकपा के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी की आलोचना की थी।
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement