आरसीबी की बल्लेबाजी और गुजरात की गेंदबाजी के बीच होगा रोचक मुकाबला
धर्मशाला, सोमवार, 25 मई 2026। लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को अगर सीधे फाइनल में जगह बनानी है तो उसे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले क्वालीफायर में मंगलवार को यहां गुजरात टाइटंस के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना करना होगा। दोनों टीमों ने 14 मैचों में 18 अंक के साथ लीग चरण के अपने अभियान का समापन किया, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण आरसीबी शीर्ष स्थान पर रहा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स निस्संदेह आईपीएल 2026 की दो सबसे संपूर्ण टीमें रही हैं, हालांकि प्लेऑफ तक पहुंचने के लिए उन्होंने अलग-अलग रास्ते अपनाए हैं। रजत पाटीदार के नेतृत्व में आरसीबी ने आक्रामक बल्लेबाजी और पिछली प्रतियोगिताओं की तुलना में कहीं अधिक भरोसेमंद गेंदबाजी इकाई के दम पर अपना अभियान आगे बढ़ाया।
मौजूदा चैंपियन टीम ने इस सत्र में लगातार 200 रन का आंकड़ा पार किया। आरसीबी को बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम में दिग्गज विराट कोहली के अनुभव और गेंदबाजी में जोश हेज़लवुड और भुवनेश्वर कुमार के शानदार प्रदर्शन से काफी फायदा हुआ। विपक्षी टीम के मैदान पर जीत हासिल करने की महारत और करीबी मुकाबलों को निर्णायक मोड़ पर समाप्त करने की क्षमता ने आरसीबी को लीग चरण की सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम में से एक बना दिया।
इस मैच में आरसीबी को धर्मशाला की परिस्थितियों से परिचित होने का भी लाभ मिलेगा, जहां उन्होंने इस महीने की शुरुआत में पंजाब किंग्स के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत हासिल की थी। जहां तक गुजरात का सवाल है तो उसने अपने दमदार गेंदबाजी आक्रमण और शीर्ष क्रम के शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेऑफ में जगह बनाई है। उसकी बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल, कौशल से परिपूर्ण साई सुदर्शन और विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ गुजरात की गेंदबाजी सबसे प्रभावशाली रही है। मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने नई गेंद से लगातार विकेट लिए हैं, वहीं राशिद खान और बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने बीच के ओवरों में शानदार नियंत्रण बनाए रखा है। गुजरात ने अपने आखिरी लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराया और उसकी टीम नॉकआउट मुकाबले में अच्छी लय के साथ उतर रही है। इस मैच में कुछ खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है।
कोहली और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज रबाडा के बीच का मुकाबला मैच का परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। धर्मशाला में मिलने वाली अतिरिक्त उछाल को देखते हुए यह काफी महत्वपूर्ण होगा जिसमें गुजरात के तेज गेंदबाजों के शुरुआती आक्रमण का सामना करने की कोहली की क्षमता आरसीबी के पावरप्ले का रुख तय कर सकती है। इसी तरह सिराज के खिलाफ फिल साल्ट का आक्रामक रवैया शुरुआती गति तय कर सकता है। उंगली की चोट का इलाज कराने के बाद वापस लौटे साल्ट विशेष रूप से प्लेऑफ में खेलने के लिए आए हैं। इससे आरसीबी की बल्लेबाजी को मजबूती मिली है।
दूसरी तरफ हेज़लवुड और भुवनेश्वर दूधिया रोशनी में गिल और सुदर्शन की परीक्षा लेंगे। आरसीबी के तेज गेंदबाजों ने इस सत्र में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी है। गुजरात की शीर्ष तीन बल्लेबाजों पर निर्भरता को देखते हुए शुरुआती छह ओवर बेहद महत्वपूर्ण होंगे। बीच के ओवरों में राशिद खान और आरसीबी के बल्लेबाजों के बीच का मुकाबला भी निर्णायक साबित हो सकता है, हालांकि कप्तान पाटीदार का स्पिन के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीम की मजबूती को देखते हुए यह मुकाबला रोमांचक होने की संभावना है।
टीम इस प्रकार हैं:
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कॉनर एस्टरहुइज़न, गुरनूर बराड़, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड और जयंत यादव।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, और सात्विक देसवाल।मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे।
Similar Post
-
आरसीबी की बल्लेबाजी और गुजरात की गेंदबाजी के बीच होगा रोचक मुकाबला
धर्मशाला, सोमवार, 25 मई 2026। लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की तर ...
-
'जेन जी' ही प्रधानमंत्री मोदी का अहंकार तोड़ेगा: राहुल
नई दिल्ली, सोमवार, 25 मई 2026। कांग्रेस ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा ...
-
‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ : मुख्यमंत्री ने गंगा दशमी के अवसर पर बीसलपुर बांध से किया अभियान का शुभारंभ
- स्काडा प्रणाली का किया अवलोकन,
- जल प्रबंधन के कार्य ...
