पश्चिम बंगाल के सभी मदरसों में 'वंदे मातरम्' गाना अनिवार्य, सरकार का आदेश
कोलकाता, गुरुवार, 21 मई 2026। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में प्रार्थना सभा के दौरान 'वंदे मातरम्' का गायन तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में एक आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। मदरसा शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह निर्देश सरकार के मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों, अनुमोदित शिशु शिक्षा केंद्रों, माध्यमिक शिक्षा केंद्रों तथा अल्पसंख्यक मामलों एवं मदरसा शिक्षा विभाग के तहत आने वाले मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त मदरसों पर भी लागू होगा। अधिसूचना में कहा गया है, ''कक्षाओं की शुरुआत से पहले प्रार्थना सभा के दौरान 'वंदे मातरम्' का गायन अनिवार्य किया जाता है।''
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह निर्णय सभी संस्थानों में प्रार्थना सभा की प्रक्रियाओं में ''एकरूपता'' लाने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा, ''यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना है।'' यह अधिसूचना सभी जिलाधिकारियों, जिला स्कूल निरीक्षकों, पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह राज्य सरकार ने सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में भी सुबह की प्रार्थना सभा में 'वंदे मातरम्' का गायन अनिवार्य करने का निर्देश दिया था। इस कदम को लेकर निर्देश में कहा गया है कि प्रत्येक छात्र को विद्यालय में दिन की शुरुआत में राष्ट्रगीत के गायन में भाग लेना होगा और संस्थान प्रमुखों को इसका सख्ती से पालन कराने को कहा गया है। केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़े प्रावधानों को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जाने के बाद यह आदेश आया है, जिसमें 'वंदे मातरम्' के गायन में बाधा डालने को दंडनीय अपराध बनाने के लिए राष्ट्रीय सम्मानों का अपमान रोकथाम अधिनियम, 1971 में संशोधन का प्रस्ताव है।
Similar Post
-
तमिलनाडु के मंत्री ने विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों का खंडन किया
इरोड (तमिलनाडु), रविवार, 05 जुलाई 2026। तमिलनाडु के मंत्री के ए स ...
-
महाराष्ट्र : ऑनलाइन गेमिंग के जरिये व्यक्ति से 1.36 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी
ठाणे, रविवार, 05 जुलाई 2026। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक ऑनलाइ ...
-
आईसीएमआर-एमआईएनडीएस को 'ई-गवर्नेंस' के लिए स्वर्ण पुरस्कार मिला
नई दिल्ली, रविवार, 05 जुलाई 2026। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान ...
