पेट्रोल-डीजल के दाम चार दिन में दूसरी बार बढ़ाने पर जवाब दें मोदी: खरगे

img

नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चार दिन के भीतर दूसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाये जाने के सरकार के फैसले पर हैरानी जताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस बारे में जनता को जवाब देना चाहिए। खरगे ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि सरकार ने 15 मई के बाद आज सुबह अचानक फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिये। उन्होंने कहा कि अब स्पष्ट हो गया है कि देश संकट में है और श्री मोदी को इसका जवाब देना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने तेल के दाम चार दिन में दूसरी बार में बढ़ाने के निर्णय को सरकार की गलत नीतियों का परिणाम बताया और कहा कि मोदी सरकार नाकामियों का बोझ जनता के सिर पर डाल रही है।

उन्होंने कहा, 'दाम बढ़े चार ही दिन हुए कि मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़ा दिये। पूरी भूमिका बनाकर, बचत का उपदेश देकर अपनी नाकामियों का बोझ जनता पर डालने का कार्य प्रगति पर है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि 'आम जनता की लूट और उद्योग पति गौतम अडानी को अमेरिका से छूट', यही मोदी जी का 'कम्प्रोमाइज्ड मॉडल' है।' प्रधानमंत्री ने अमेरिका से हाथ-पैर जोड़कर रूसी तेल खरीदने की अनुमति की अवधि एक महीने के लिए बढ़वाई है और इससे देश के स्वाभिमान को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के अनुसार रूसी तेल खरीदने की अनुमति मिल गयी है, तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों का बोझ आम जनता पर क्यों डाला जा रहा है।

खरगे ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी में दूरदर्शिता और नेतृत्व की कमी है। उन्होंने कहा कि संकट के समय सरकार चुनावों में व्यस्त रही और बाद में 'चिकनी-चुपड़ी बातें कर लूट का प्लान' बनाया गया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'केवल विदेशों में प्रायोजित जनसंपर्क गतिविधियां करने से कोई 'विश्वगुरु' नहीं बन जाता, जनता के प्रति जवाबदेही भी सुनिश्चित करनी पड़ती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से देश के समक्ष खड़े बड़े सवालों का जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि संकट से निपटने के लिए सरकार क्या कर रही है, यह देश को बताया जाना चाहिए।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement