यूडीएफ सरकार के पास मंत्रियों की 'सबसे सक्षम टीम में से एक' होगी : वेणुगोपाल

img

अलप्पुझा (केरल), रविवार, 17 मई 2026। केरल में वी. डी. सतीशन के नेतृत्व वाली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सी. वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के पास मंत्रियों की "सबसे सक्षम टीम में से एक" होगी और वह जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ेगी। पत्रकारों से यहां बात करते हुए कांग्रेस के संगठन महासचिव ने कहा कि सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह से पहले मंत्रियों के नामों की घोषणा की जाएगी।

उन्होंने कहा, "यूडीएफ सरकार में हमारे पास मंत्रियों की सबसे सक्षम टीम में से एक होगी। राज्य एक ऐसी नई शासन व्यवस्था की आशा में प्रतीक्षा कर रहा है, जो अनावश्यक विवादों में उलझने के बजाय सार्थक परिवर्तन ला सके और जनता के लिए कार्य कर सके। यूडीएफ सरकार इस जिम्मेदारी के लिए खुद को तैयार कर रही है और उसे कार्य करने के लिए समय दिया जाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान यूडीएफ द्वारा दी गई पांचों गारंटी लागू की जाएंगी। इन गारंटियों में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए 1,000 रुपये की मासिक सहायता शामिल है।

विपक्षी दलों और कुछ जातियों के नेताओं द्वारा यूडीएफ में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की प्रमुखता को लेकर की गई आलोचना का जवाब देते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां सरकार के सत्ता में आने से पहले ही विवाद पैदा करने के प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के "जहरीले बयानों" से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, "चुनाव परिणामों से ही स्पष्ट हो गया है कि केरल के लोग सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को स्वीकार नहीं करते। आईयूएमएल को बार-बार निशाना बनाना समाज में फूट डालने का जानबूझकर किया गया प्रयास था और इसके पीछे नेक इरादे नहीं थे। केरल एक ऐसा प्रदेश है, जहां प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द पनपते हैं, न कि यहां विभाजनकारी राजनीति सफल हो सके।"

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement