केदारनाथ मंदिर की आय 2024-25 में 34 प्रतिशत बढ़कर 71.06 करोड़ रुपये हुई
देहरादून, मंगलवार, 12 मई 2026। केदारनाथ मंदिर की वित्त वर्ष 2024-25 में चढ़ावे, दान और विभिन्न सेवाओं से कुल 71.06 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 34.32 प्रतिशत अधिक है। कार्यकर्ता अमित गुप्ता ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) आवेदन के जरिये जानकारी मांगी थी, जिसके जवाब में ये आंकड़ें उपलब्ध कराए हैं। वर्ष 2023-24 में मंदिर की आय 52.90 करोड़ रुपये रही थी। मंदिर समिति ने बताया कि 2024-25 में 3.77 करोड़ रुपये की शुरुआती शेष राशि को शामिल करने के बाद रुद्रप्रयाग जिले में मंदिर के लिए कुल उपलब्ध धनराशि 74.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
समिति ने बताया कि मंदिर में विशेष पूजाओं से 14.18 करोड़ रुपये और थाली भेंट (दान) से 9.59 करोड़ रुपये अर्जित किए गए जबकि हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से 3.19 करोड़ रुपये, विशेष दान और हुंडी (संग्रह पेटी) से 4.46 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। मंदिर समिति ने 'यात्री भोग' से 1.56 करोड़ रुपये और निवेश पर ब्याज के रूप में 2.75 करोड़ रुपये भी प्राप्त किए। इकतीस मार्च, 2025 को समाप्त हुए वर्ष में मंदिर पर कुल 66.39 करोड़ रुपये व्यय हुआ। आरटीआई आवेदन के जवाब के अनुसार, मंदिर की वित्तीय वर्ष 2023-24 में 52.90 करोड़ रुपये की आय हुई और 54.16 करोड़ रुपये खर्च हुए।
मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्धिवेदी ने 'पीटीआई भाषा' से बातचीत में कहा कि समिति केदारनाथ मंदिर के अलावा बदरीनाथ समेत 47 अन्य मंदिरों का प्रबंधन करती है। द्विवेदी ने कहा, "हमारे अस्थायी और सीजनल कर्मचारियों समेत लगभग 600 से 700 कर्मचारी हैं। 20-25 करोड़ रुपये वेतन पर ही खर्च हो जाते हैं।" अध्यक्ष ने कहा कि इस धनराशि से मंदिरों, 27 अतिथि गृहों और सात स्कूलों का रखरखाव होता है। उन्होंने बताया कि प्रमुख खर्चों में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाएं और मंदिरों के खुलने व बंद होने की अवधि के दौरान किए जाने वाले रखरखाव कार्य शामिल हैं।
Similar Post
-
नीट आंदोलन टिप्पणी मामले में दक्षिणपंथी टिप्पणीकार टी.जी. मोहनदास को जमानत मिली
तिरुवनंतपुरम, सोमवार, 10 अगस्त 2026। तिरुवनंतपुरम की एक अदालत न ...
-
पंजाब विधानसभा ने स्कूल फीस में पांच प्रतिशत तक बढ़ोतरी की सीमा तय करने वाला विधेयक पारित किया
चंडीगढ़, सोमवार, 10 अगस्त 2026। पंजाब विधानसभा ने निजी विद्यालय ...
-
नीट प्रश्नपत्र लीक: अदालत ने ‘लाई-डिटेक्टर टेस्ट’ कराने की तीन आरोपियों की याचिका खारिज की
नई दिल्ली, सोमवार, 10 अगस्त 2026। राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक ...
