चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में आदर्श आचार संहिता समाप्त : निर्वाचन आयोग
तिरुवनंतपुरम, गुरुवार, 07 मई 2026। निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले 15 मार्च से लागू आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) चार राज्यों और कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समाप्त हो गई है। हालांकि, पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर मतदान लंबित होने के कारण वहां आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। निर्वाचन आयोग ने कहा कि चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव तथा पांच राज्यों की कुछ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद आदर्श आचार संहिता प्रभावहीन हो गई है।
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा, ''असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में 2026 के विधानसभा चुनाव तथा गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नगालैंड और त्रिपुरा की विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के परिणाम संबंधित निर्वाचन अधिकारियों द्वारा घोषित किए जा चुके हैं।'' पत्र में कहा गया है कि ''इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से समाप्त हो गई है।'' आयोग ने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर नए सिरे से मतदान कराने का आदेश दिया गया है, इसलिए वहां आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव और अन्य पांच राज्यों की कुछ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव नौ, 23 और 29 अप्रैल को हुए थे तथा इनके परिणाम चार मई को घोषित किए गए।
Similar Post
-
हैदराबाद में ‘इंडिया’ के घटक दलों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकाली
हैदराबाद, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। तेलंगाना में कांग्रेस के ने ...
-
भारत ने सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हुए हमलों की निंदा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। भारत ने बृहस्पतिवार को सऊद ...
-
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी पर ‘लोकतंत्र की हत्या करने’ का आरोप लगाया
बेंगलुरु, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) क ...
