भाजपा ने मणिपुर को 'आग में झोंका', कांग्रेस नफरत नहीं फैलाने देगी: राहुल

img

तिरुनेलवेली (तमिलनाडु), सोमवार, 20 अप्रैल 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि भाजपा ने देश के अल्पसंख्यकों को डराया-धमकाया और मणिपुर राज्य को 'आग में झोंक' दिया।'' उन्होंने साथ ही यह आश्वासन भी दिया कि उनकी पार्टी नफरत नहीं फैलाने देगी। तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने दावा किया कि अब यह उस तरह की पार्टी नहीं रही तथा यह ''खोखली'' हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा की थी तथा उनके और उनकी पार्टी द्वारा व्यक्त किया गया विचार एक एकजुट और सामंजस्यपूर्ण भारत का था। राहुल ने कहा, ''हमारा मानना है कि प्रत्येक राज्य को अपना शासन स्वयं चलाना चाहिए और वे (भाजपा के लोग) कहते हैं कि सभी राज्यों को आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) नामक एक राजनीतिक संगठन के अधीन होना चाहिए।''

उन्होंने कहा, ''अब, इस चुनाव में वे तमिलनाडु में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। अन्नाद्रमुक की एक महान ऐतिहासिक परंपरा रही है। अतीत में अन्नाद्रमुक में ऐसे महान नेता थे जिन्होंने तमिलनाडु की अवधारणा की रक्षा की। लेकिन आज की अन्नाद्रमुक वह पुरानी पार्टी नहीं रही। आज यह खोखली हो गई है क्योंकि इसके नेताओं ने समझौता कर लिया है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में वे (अन्नाद्रमुक) आकंठ डूब गए हैं और वे भाजपा की इच्छा के विरुद्ध कुछ नहीं कर सकते। इसलिए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु राज्य पर कब्जा करने के लिए उनका इस्तेमाल किया है।

राहुल ने आरोप लगाया, ''वे (भाजपा) सीधे तौर पर यह नहीं कह सकते कि उनका क्या मंसूबा है। इसलिए उन्होंने आपकी भाषा, संस्कृति, परंपरा और इतिहास पर हमला करने के लिए अन्नाद्रमुक को अपना साझेदार बनाया है।'' उन्होंने कहा कि इस चुनाव का सबसे अहम पहलू आरएसएस-भाजपा को तमिलनाडु में प्रवेश करने से रोकना है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उनकी भारत जोड़ो यात्रा एक एकजुट और सामंजस्यपूर्ण भारत के लिए थी। एक ऐसा भारत, जहां हर किसी को प्यार और सम्मान मिले।

उन्होंने आरोप लगाया, ''भाजपा पूरे देश में नफरत और हिंसा फैलाती है। वे सत्ता को कुछ बड़े कारोबारियों के हाथों में केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने असमानता वाले भारत का निर्माण किया है। वे हमारे अल्पसंख्यक भाइयों-बहनों को डराते-धमकाते हैं। हमारे ईसाई, मुस्लिम, सिख भाई-बहनों को हर समय भय के साये में रखा जा रहा है। मणिपुर को भाजपा ने 'आग में झोंक' दिया।'' राहुल ने कहा, ''हम एक सामंजस्यपूर्ण, निष्पक्ष और समानता वाले देश में विश्वास रखते हैं। हम उन्हें देश में नफरत नहीं फैलाने देंगे।''

कांग्रेस नेता ने कहा, ''हम तमिल भाषा, संस्कृति, परंपरा और इतिहास की रक्षा कर रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा-अन्नाद्रमुक हैं जो तमिलनाडु की ताकत छीनने की कोशिश कर रहे हैं।'' राहुल ने 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) का जिक्र करते हुए कहा कि उसका उद्देश्य भारत के चुनावी मानचित्र को बदलना नहीं था। उन्होंने याद दिलाया कि उस विधेयक को पारित करते समय भाजपा ने कहा था कि इसे 10 वर्षों में लागू किया जाएगा और कांग्रेस ने तब इसे तुरंत लागू किये जाने पर जोर दिया था। कांग्रेस नेता ने कहा, ''हम वही बात फिर से दोहराते हैं, अगर भाजपा महिला आरक्षण चाहती है, तो 2023 के अधिनियम को अभी लागू करे और पूरा विपक्ष आपका समर्थन करेगा।''
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement