राजस्थान में कई स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि
जयपुर, शनिवार, 04 अप्रैल 2026। राजस्थान में एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे में कई जगह बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर जबकि पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर आंधी चली, बिजली गिरी तथा तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान सर्वाधिक बारिश पश्चिमी राजस्थान के करणपुर में 11.5 मिलीमीटर तथा पूर्वी राजस्थान में उदयपुर के कोटड़ा में 32 मिलीमीटर हुई। विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के ऊपर परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके असर से आज भी जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर में कुछेक स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है। बीकानेर, जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
वहीं छह अप्रैल को दोपहर बाद जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में तेज आंधी-बारिश की संभावना है। सात अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आंधी चलने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि, मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इसी तरह आठ अप्रैल को उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेत में पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
Similar Post
-
कांग्रेस ने वायनाड पुनर्वास के लिए प्राप्त धनराशि का हिसाब सार्वजनिक किया
कन्नूर (केरल), शनिवार, 04 अप्रैल 2026। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेट ...
-
मुख्यमंत्री ने वन एवं पर्यावरण विभाग की अहम बैठक ली
जयपुर, शनिवार, 04 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने ...
-
अल्पसंख्यकों पर हमला करने वालों से केरल के मुख्यमंत्री की सांठगांठ: राहुल गांधी
अलप्पुझा (केरल), शनिवार, 04 अप्रैल 2026। कांग्रेस के शीर्ष नेता र ...
