कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने जोरहाट सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया
जोरहाट (असम), सोमवार, 23 मार्च 2026। कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सोमवार को जोरहाट विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। गोगोई राज्य विधानसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं। लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गोगोई ने जोरहाट स्टेडियम से रैली शुरू करने से पूर्व विभिन्न धार्मिक स्थलों का दौरा किया। लगभग तीन घंटे बाद इस रैली का समापन जिला आयुक्त कार्यालय पर हुआ। रैली में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। जोरहाट से सांसद गोगोई ने नजीर अली क्षेत्र स्थित अपने पैतृक आवास का भी दौरा किया और अपने पिता एवं असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की तस्वीर के समक्ष खड़े होकर प्रार्थना की तथा श्रद्धांजलि दी।
गोगोई का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं मौजूदा विधायक हितेंद्रनाथ गोस्वामी से होगा। गोस्वामी इस सीट का पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं-1991 से लगातार तीन बार असम गण परिषद (अगप) के उम्मीदवार के रूप में और 2016 से दो बार भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर। सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है। नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को की जाएगी।
Similar Post
-
मुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई : आमजन की समस्याओं का हो त्वरित समाधान, अधिकारी करें नियमित मॉनिटरिंग- मुख्यमंत्री शर्मा
जयपुर, सोमवार, 23 मार्च 2026। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के ...
-
प.एशिया संकट पर कूटनीतिक पहल के लिए ब्रिक्स सम्मेलन को आगे क्यों नहीं बढ़ा रहे ‘विश्वगुरु’: कांग्रेस
नई दिल्ली, सोमवार, 23 मार्च 2026। कांग्रेस ने सोमवार को पश्चिम ए ...
-
भाजपा सरकार में उपेक्षा का शिकार हो रहा राजस्थान का सुदृढ़ स्वास्थ्य ढांचा: अशोक गहलोत
जयपुर, सोमवार, 23 मार्च 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशो ...
