जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग एवं डीडवाना-कुचामन जिले के प्रभारी मंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

img

जयपुर, गुरुवार, 20 मार्च 2026। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू- जल विभाग एवं डीडवाना-कुचामन  जिले के प्रभारी मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी ने शुक्रवार  को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं,विकास कार्यों, फ्लैगशिप योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में की गई बजट घोषणाओं को जनहित से जुड़ा बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

इस दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में बजट घोषणा 2024-25 व 2025-26 के कार्यों एवं  बजट घोषणा 2026-27 के भूमि आवंटन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने जिले में सड़क निर्माण कार्यों, रीको से जुड़े कार्यों, चिकित्सा संस्थानों के निर्माण कार्यों तथा विद्यालयों में चल रहे मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने “पंच गौरव कार्यक्रम” के तहत किये गए कार्यों की भौतिक प्रगति एवं आगामी कार्य योजना की समीक्षा कर बास्केटबॉल खेल को बढ़ावा देने, प्याज की उन्नत किस्मों को प्रोत्साहित करने एवं खेजड़ी का संरक्षण करने की बात कही।

उन्होंने बैठक में पशुपालन, सहकारिता, कृषि व उद्यानिकी, शिक्षा व पंचायतीराज विभाग के कार्यों व योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्य प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का भी निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए।

ग्रीष्मकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

प्रभारी मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी ने ग्रीष्म ऋतु के मध्यनजर जिले में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा प्रबंधन एवं एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि समर कंटेन्जेंसी प्लान के अनुसार सभी हैंडपम्प कार्यशील रखे जाएं, ट्यूबवेल एवं टैंकर व्यवस्था सुदृढ़ की जाए तथा पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पाइपलाइन कार्यों के लिए टेंडर संबंधित कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने चिकित्सा विभाग को मौसमी बीमारियों एवं हीटवेव से बचाव के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आमजन के लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए।उन्होंने जिले में एलपीजी आपूर्ति व वितरण की समीक्षा कर जिला रसद अधिकारी को घरेलू गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं दुरुपयोग पर सख्त निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

इस दौरान प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द कार्य प्रारंभ करें तथा निर्माणाधीन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।  साथ ही, जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।बैठक में जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि सभी विभागों के स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement