राष्ट्रपति मुर्मू अयोध्या में राम मंदिर गईं, स्वर्ण जड़ित श्री राम यंत्र की स्थापना की
अयोध्या (उप्र), गुरुवार, 19 मार्च 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को अयोध्या में राम मंदिर गईं और वहां विशेष धार्मिक समारोहों के तहत 150 किलोग्राम सोने से जड़ित श्री राम यंत्र की स्थापना की। भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट में कहा गया, "राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पवित्र अयोध्या धाम में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा की।" पोस्ट में कहा गया है, ''राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पावन अयोध्या धाम में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्री माता अमृतानंदमयी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में दिव्य मंदिर में श्रीराम यंत्र की स्थापना की। उन्होंने रामलला मंदिर में दर्शन और आरती की तथा प्रभु रामलला से सबकी सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।''
इससे पहले सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर राष्ट्रपति कार्यालय के एक आधिकारिक पोस्ट में कहा गया था कि मुर्मू के अयोध्या पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया।
मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने कहा कि वैदिक गणित पर आधारित श्री राम यंत्र सकारात्मक आध्यात्मिक ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए बनाया गया है और यह भगवान राम की दिव्य उपस्थिति का प्रतीक है। 150 किलोग्राम सोने की परत चढ़ी चौकोर धातु की प्लेट में वैदिक और 'बीज' मंत्र उत्कीर्ण हैं। मिश्रा ने कहा कि यह यंत्र कांची कामकोटि पीठम के श्री राम यंत्र पर आधारित है और स्वामी विजयेंद्र सरस्वती के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह यंत्र लगभग दो साल पहले एक औपचारिक जुलूस के रूप में तिरूपति देवस्थानम से अयोध्या लाया गया था और तब से इसकी प्रतिदिन पूजा की जाती है। इसे चैत्र नवरात्रि और हिंदू नव वर्ष से जुड़े अनुष्ठानों के हिस्से के रूप में शुभ 'अभिजीत मुहूर्त' के दौरान मंदिर की दूसरी मंजिल पर स्थापित किया जाएगा। इस बीच, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे अयोध्या में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि मंदिर परिसर और शहर भर में 7,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है, साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि यातायात प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। अधिकारियों ने निवासियों और श्रद्धालुओं से सहयोग करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचने का आग्रह किया है।
Similar Post
-
ज्ञान को राष्ट्र निर्माण में लगाएं, यही दीक्षांत का सार- राज्यपाल बागडे
- एमबीएम विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह आयोजित < ...
-
भाजपा सरकार की बजट घोषणाएं केवल सपने साबित हो रही हैं: अशोक गहलोत
जयपुर, गुरुवार, 19 मार्च 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अश ...
-
मुख्यमंत्री शर्मा ने 207 नवीन बसों को दिखाई हरी झण्डी
जयपुर, गुरुवार, 19 मार्च 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस ...
