व्यापारियों के संगठन ने एलपीजी की सीमित आपूर्ति की मांग की

img

भोपाल, शनिवार, 14 मार्च 2026। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने शनिवार को मध्यप्रदेश प्रशासन से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की सीमित आपूर्ति को तत्काल बहाल करने का आग्रह किया ताकि भोपाल में होटल और खाद्य सेवा क्षेत्र को पूरी तरह से बंद होने से रोका जा सके। व्यापारियों के संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर कुछ दिनों के भीतर आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो राज्य की राजधानी में पूरा आतिथ्य और खाद्य सेवा क्षेत्र बंद हो सकता है, जिससे हजारों लोगों की आजीविका खतरे में पड़ सकती है और खाद्य आपूर्ति बाधित हो सकती है।

कैट भोपाल के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने एक बयान में कहा कि भोपाल में वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूर्णतः बंद होने के कारण होटल, रेस्तरां एवं मिठाई व्यवसाय गंभीर संकट की स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने कहा, ''यदि यही स्थिति कुछ और दिनों तक बनी रही तो शहर का यह पूरा सेवा क्षेत्र पूरी तरह बंद होने की कगार पर आ जाएगा, जिससे हजारों लोगों के रोजगार और आम नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।''

उन्होंने बताया कि होटल और रेस्तरां व्यवसायियों द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में 'इंडक्शन आधारित कुकिंग सिस्टम' का ऑर्डर दिया गया है, लेकिन इन उपकरणों के आने में लगभग सात से 10 दिन का समय लगने की संभावना है। शर्मा ने कहा कि साथ ही, इनके उपयोग के लिए बिजली की लोड क्षमता बढ़ाना भी आवश्यक होगा, जो तत्काल संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे में यह विकल्प अभी के लिए व्यवहारिक समाधान नहीं बन पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लकड़ी जलाने का दिया गया सुझाव भी व्यावहारिक नहीं है, क्योंकि अधिकतर होटलों और रेस्तरां की रसोई की संरचना आधुनिक गैस आधारित कुकिंग सिस्टम के अनुरूप बनी हुई है और वहां लकड़ी आधारित चूल्हों की व्यवस्था करना न तो तकनीकी रूप से संभव है और न ही सुरक्षा व स्वच्छता की दृष्टि से उचित है।

कैट भोपाल के अध्यक्ष ने कहा, ''होटल, रेस्तरां एवं मिठाई व्यवसाय पूरी तरह बंद न हो, इसके लिए वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की सीमित आपूर्ति तत्काल शुरू की जाए और होटल और रेस्तरां क्षेत्र को आवश्यक सेवा की श्रेणी में रखते हुए अस्थायी राहत प्रदान की जाए।'' उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के समय में भी इस क्षेत्र को आपातकालीन क्षेत्र मानते हुए संचालन की अनुमति दी गई थी, उसी तर्ज पर वर्तमान परिस्थितियों में भी इस क्षेत्र को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, ''जब अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं को गैस आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है, तो होटल एवं भोजन सेवा क्षेत्र को भी उसी श्रेणी में सीमित राहत दी जाए, ताकि शहर की भोजन व्यवस्था प्रभावित न हो।'' शर्मा ने कहा कि कैट भोपाल प्रशासन से विनम्रतापूर्वक आग्रह करता है कि इस विषय पर व्यावहारिक और संतुलित निर्णय लेते हुए व्यापारियों की कठिनाइयों को ध्यान में रखा जाए, जिससे एक ओर प्रशासनिक व्यवस्था बनी रहे और दूसरी ओर हजारों लोगों से जुड़े इस व्यवसाय को पूर्णतः बंद होने से बचाया जा सके।
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement