गुरुग्राम में निर्माण स्थल पर मिट्टी का टीला ढहने से सात लोगों की मौत, चार अन्य घायल

img

गुरुग्राम, मंगलवार, 10 मार्च 2026। हरियाणा के गुरुग्राम जिले में निर्माण स्थल पर मिट्टी का टीला ढह जाने से सात मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घायल मजदूरों में से तीन नेपाल के हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना सोमवार शाम गुरुग्राम के सिधरावली इलाके में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी में हुई। उन्होंने कहा कि हादसे की चपेट में आए मजदूरों को राजस्थान के भिवाड़ी स्थित एक अस्पताल ले जाया गया।

राजस्थान के भिवाड़ी पुलिस उपाधीक्षक योगेश ने भिवाड़ी में पत्रकारों को बताया कि एक जलमल शोधन संयंत्र (एसटीपी) का निर्माण कार्य हो रहा था, तभी अचानक मिट्टी का एक टीला ढह गया और कुछ मजदूर मलबे के नीचे दब गए। अधिकारियों ने कहा कि लगभग 12 से 15 मजदूर मलबे के नीचे दब गए और सूचना मिलते ही, गुरुग्राम के बिलासपुर थाने से पुलिस टीम, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मिट्टी में दबे मजदूरों को निकाला। पुलिस ने उन्हें राजस्थान के भिवाड़ी स्थित पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम गुरुग्राम में किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी मृत्यु दम घुटने से हुई है। हादसे में मारे गए एक मजदूर के परिजनों ने राजस्थान के भिवाड़ी में मीडियाकर्मियों से कहा कि मजदूर कई फुट नीचे काम कर रहे थे, तभी मिट्टी का ढेर उन पर गिर गया। मृतकों के परिजनों ने मुआवजे के तौर पर 50 लाख रुपये की मांग की है। घटना के संबंध में एक घायल मजदूर ने बताया कि मिट्टी का ढेर अचानक गिर गया और वे मलबे के नीचे दब गए।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान शिवशंकर, परमेश्वर महतो, मंगल महतो, भागीरथ गोपे, सतीश, संजीव गोपे और धनंजय महतो के रूप में हुई है। इसने कहा कि घायलों की पहचान इंद्रजीत, छोटेलाल, शिवकाम चौधरी (नेपाल निवासी) और दीनदयाल शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने पीड़ित परिवारों से संपर्क स्थापित कर उन्हें घटना की जानकारी दे दी है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस ने कहा कि परिवार के सदस्यों के आने पर उनकी औपचारिक शिकायतें दर्ज कर मामला दर्ज किया जाएगा और घटना के संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement