नेपाल चुनाव से पहले भारत-नेपाल सीमा दो मार्च आधी रात से बंद रहेगी
बहराइच (उप्र), शुक्रवार, 27 फरवरी 2026। नेपाल में पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा दो मार्च की आधी रात से पांच मार्च की आधी रात तक बंद रहेगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बहराइच के रुपईडीहा में स्थित 'इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट' (आईसीपी) के प्रभारी सुधीर शर्मा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि नेपाल के गृह मंत्रालय ने सीमा बंद करने के संबंध में 26 फरवरी को एक आधिकारिक पत्र जारी किया है।
पत्र के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और विश्वसनीय वातावरण में सुनिश्चित करने के लिए भारत से सटे बांके जिले के पूरे हिस्से की सभी सीमा चौकियां दो और तीन मार्च के दरमियान मध्यरात्रि 12 बजे से पांच मार्च की रात 12 बजे तक बंद रहेंगी। शर्मा ने कहा कि इस अवधि के दौरान चौकी के माध्यम से वस्तुओं का आयात और निर्यात निलंबित रहेगा। हालांकि, आवश्यक दवाओं और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुओं की आवाजाही नहीं रोकी जाएगी। सशस्त्र सीमा बल की 42वीं बटालियन के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने कहा कि नेपाल प्रशासन की ओर से जारी एक पत्र के बाद दो मार्च की आधी रात से पांच मार्च को मतदान की रात तक सीमा पर 'सीमित आवाजाही' की व्यवस्था को लागू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सीमा पर पहले से ही अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और पहचान दस्तावेजों की गहन जांच और सत्यापन के बाद ही लोगों को सीमा पार करने की अनुमति दी जा रही है। दोनों देशों के नागरिकों को सलाह दी गई है कि जब तक बहुत जरूरी न हो प्रतिबंधित अवधि के दौरान सीमा पार करने से बचें। उदावत ने कहा कि बड़ी संख्या में नेपाली मतदाता रोजगार और व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए भारत में रहते हैं। ऐसे मतदाताओं और गंभीर रूप से बीमार रोगियों और आवश्यक सामान की आवाजाही को सुरक्षा बलों की निगरानी में सीमा पार करने की अनुमति दी जा सकती है।
Similar Post
-
परिसीमन पर उद्धव ठाकरे का रुख भ्रमित करने वाला, शिवसेना (उबाठा) विधेयक का समर्थन करे: शिरसाट
छत्रपति संभाजीनगर, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। महाराष्ट्र के मंत्र ...
-
ओडिशा सरकार ने पुरी में भगवान जगन्नाथ से जुड़ी 52 एकड़ जमीन हासिल की
भुवनेश्वर, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। ओडिशा सरकार ने 'भगवान जगन्न ...
-
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास खेत से ड्रोन बरामद
जम्मू, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंत ...
