दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, सात गिरफ्तार

img

नई दिल्ली, शनिवार, 07 फरवरी 2026। दिल्ली पुलिस ने पांच राज्यों में फैले एक कथित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इससे जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब 48 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क मादक पदार्थ के उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल को कथित तौर पर हासिल करता था और विभिन्न राज्यों में चिकित्सकीय पर्चे के बिना प्रतिबंधित दवाओं की अवैध 'री-पैकेजिंग' और बिक्री करता था।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा में की गई सिलसिलेवार कार्रवाई के जरिए स्थानीय वितरण करने वालो से लेकर अंतरराज्यीय तस्करों तक फैली आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त किया गया है। अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच पिछले साल सितंबर में उस समय शुरू हुई, जब पुलिस को मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप की आवाजाही को लेकर विशेष सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने दिल्ली के लाजपत नगर इलाके से अनिरुद्ध राय नामक एक संदिग्ध को पकड़ा और उसके कब्जे से करीब दो किलोग्राम पाउडरनुमा ट्रामाडोल बरामद किया और इस संबंध में मामला दर्ज किया गया। तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर आगे की जांच में एक बड़े नेटवर्क की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश से मनोज राय को गिरफ्तार किया, जिसकी पूछताछ के आधार पर दिल्ली से किशन पाल उर्फ भुल्लर की गिरफ्तारी हुई। भुल्लर के आवास की तलाशी के दौरान 503 ग्राम अल्प्राजोलम (नशीली दवा) बरामद की गई। आगे की जांच में कृष्ण तंवर को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं, हरियाणा निवासी एक अन्य आरोपी मनोज कुमार को सिंघु सीमा के पास वाहन जांच के दौरान पकड़ने की कोशिश की गई। उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके वाहन से करीब 5.012 किलोग्राम ट्रामाडोल बरामद किया गया। इसके बाद हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में की गई छापेमारियों में दो और आरोपी प्रशांत और अमित को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से प्रतिबंधित दवाओं के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई किलोग्राम पाउडरनुमा मादक पदार्थ जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों के साथ-साथ दवाओं की आपूर्ति करने वालों की पहचान की जा रही है।
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement