मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में बंद के कारण जनजीवन बाधित
चुराचांदपुर/इंफाल, शुक्रवार, 06 फरवरी 2026। मणिपुर में दो आदिवासी संगठनों ने राज्य में सरकार गठन में कुकी-जो समुदाय के एक विधायक की भागीदारी के विरोध में चुराचांदपुर में ''पूर्ण बंद'' का आह्वान किया, जिससे इस कुकी-जो बहुल जिले में जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बंद के समर्थकों ने शुक्रवार की सुबह जिला मुख्यालय शहर के कुछ हिस्सों में वाहनों को रोक दिया। अधिकारियों ने बताया कि बाजार बंद रहे और सड़कों पर वाहनों का आवागमन नहीं के बराबर रहा। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक और सरकारी कार्यालयों में भी उपस्थिति बहुत कम रही।
कुकी छात्र संगठन की चुराचांदपुर इकाई ने जिले में शुक्रवार आधी रात से 24 घंटे का पूर्ण बंद आहूत किया, जबकि एक अन्य संगठन 'ज्वाइंट फोरम ऑफ सेवन' (जेएफ7) ने कुकी-जो क्षेत्रों में सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बंद आयोजित किया। जिला मुख्यालय शहर के तुइबोंग क्षेत्र में बंद का अधिक असर दिखायी दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और जिला मुख्यालय शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। कुकी महिला मानवाधिकार संगठन (केडब्ल्यूओएचआर) ने यह भी घोषणा की कि वह सरकार गठन में कुकी-ज़ो विधायकों की भागीदारी का विरोध करने के लिए शुक्रवार दोपहर को एक जनसभा का आयोजन करेगा।
केडब्ल्यूओएचआर ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य किसी भी ऐसे कदम का कड़ा विरोध करना है जिसमें मौजूदा स्थिति के तहत राज्य सरकार के गठन में कुकी-ज़ो विधायकों की भागीदारी शामिल हो। बृहस्पतिवार शाम को तुइबोंग वन द्वार के पास भीड़ और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं। सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके। भीड़ ने भी पथराव किया। अधिकारियों ने बताया कि झड़पें शुक्रवार तड़के तीन बजे तक जारी रहीं, जिसमें दो प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
इस बीच, 'इंडीजीनियस ट्राइब्स एडवोकेसी कमेटी' (फेरजवाल और जिरिबाम जिला) ने चेतावनी दी है कि विधायक एन सनाते को डराने-धमकाने, अपमानित करने, धमकी देने या नुकसान पहुंचाने का कोई भी प्रयास, साथ ही उनकी संपत्ति में तोड़फोड़, चोरी और लूटपाट को फेरज़वाल और जिरिबाम जिलों के आदिवासी लोगों के सामूहिक रुख का जानबूझकर किया गया अपमान माना जाएगा। यह बयान तब आया जब एन सनाते और विधायक एल एम खौते बुधवार को इंफाल गए थे, जहां वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दल का हिस्सा बने और सरकार गठन का दावा पेश किया। कुकी ज़ो हमार समुदाय के इन दोनों विधायकों ने उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन के साथ बृहस्पतिवार को मणिपुर विधानसभा के 12वें सत्र में वर्चुअल रूप से भाग लिया था।
Similar Post
-
गुजरात में आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक अधिकारी गिरफ्तार, 2.64 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
अहमदाबाद, सोमवार, 01 जून 2026। गुजरात में भ्रष्टाचार निरोधक ब्य ...
-
आरएसएस समर्थक होने के कारण अरुण लखानी को भाजपा उम्मीदवार बनाया गया : संजय राउत
मुंबई, सोमवार, 01 जून 2026। शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने स ...
-
सैनी ने 312 ईआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
गुरुग्राम, सोमवार, 01 जून 2026। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिं ...
