मोदी तीन जनवरी को बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे
नई दिल्ली, बुधवार, 31 दिसंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन जनवरी को दिल्ली के एक धरोहर स्थल पर आयोजित होने वाली भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 19वीं सदी के उत्तरार्ध में मिले इन अवशेषों के बारे में व्यापक रूप से यह माना जाता है कि वे भगवान बुद्ध के अवशेषों से जुड़े हैं, जिन्हें शाक्य वंश ने स्थापित किया था। संस्कृति मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मंत्रालय ‘‘लोटस लाइट: रेलिक्स ऑफ द अवेकेंड वन’’ शीर्षक से एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है, जिसमें पिपरहवा के पवित्र अवशेषों के साथ उनसे संबंधित महत्वपूर्ण प्राचीन वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, यह प्रदर्शनी बुद्ध की शिक्षाओं के साथ भारत के प्राचीन सभ्यतागत संबंध और अपनी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं प्रस्तुति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। मंत्रालय ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन जनवरी को यहां राय पिथोरा सांस्कृतिक परिसर में करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि हाल में अवशेषों की स्वदेश वापसी और उनका सार्वजनिक प्रदर्शन, भारत द्वारा अपनी सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा करने तथा बुद्ध की शिक्षाओं में निहित शांति, करुणा और प्रबोधन के सार्वभौमिक मूल्यों को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
मंत्रालय के अनुसार, प्रदर्शनी में पवित्र पिपरहवा अवशेषों और उनसे संबंधित प्राचीन वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें उनके ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और पुरातात्विक संदर्भों को उजागर करने वाली सुनियोजित प्रस्तुतियां और भारत को बौद्ध धर्म की जन्मस्थली के रूप में रेखांकित करने वाले व्याख्यात्मक विवरण शामिल होंगे। यह आयोजन भारत के सांस्कृतिक और कूटनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण है क्योंकि प्रदर्शित किए जा रहे अवशेषों में अत्यंत ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व के पवित्र अवशेष शामिल हैं जिन्हें दुनिया भर के बौद्ध समुदाय श्रद्धा के साथ पूजते हैं।
Similar Post
-
मप्र : एक ही व्यक्ति के फोटो का दुरुपयोग कर 84 सिम कार्ड जारी, एजेंट गिरफ्तार
देवास/इंदौर, सोमवार, 30 मार्च 2026। मध्यप्रदेश के देवास में पुल ...
-
कृषि भूमि के तेजी से गैर कृषि भूमि में परिवर्तित किए जाने पर रास में जताई गई चिंता
नई दिल्ली, सोमवार, 30 मार्च 2026। देश में कृषि क्षेत्र की भूमि के ...
-
व्यक्तिगत डेटा गोपनीय रहेगा, किसी योजना का लाभ लेने के लिए इस्तेमाल नहीं होगा: जनगणना आयुक्त
नई दिल्ली, सोमवार, 30 मार्च 2026। भारत के महापंजीयक और जनगणना आय ...
