पंजाब विश्वविद्यालय को खत्म करने की कोशिश कर रहे भाजपा और आरएसएस: चन्नी
चंडीगढ़, मंगलवार, 04 नवंबर 2025। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) की ‘सीनेट’ और ‘सिंडिकेट’ के पुनर्गठन के मुद्दे पर मंगलवार को भाजपा नीत केन्द्र सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि “भाजपा व आरएसएस इस विश्वविद्यालय को सुनियोजित तरीके से खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।” चन्नी 28 अक्टूबर की अधिसूचना के जरिये पंजाब विश्वविद्यालय की सीनेट और सिंडिकेट के पुनर्गठन को लेकर केंद्र सरकार के हालिया कदम के खिलाफ जारी पीयू के छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
पंजाब विश्वविद्यालय अधिनियम, 1947 में संशोधन के बाद अधिसूचना जारी की गई है, जिसके तहत सीनेट के सदस्यों की संख्या घटाकर 31 कर दी गई है। इसके अलावा कार्यकारी निकाय सिंडिकेट के लिए चुनाव का प्रावधान और सीनेट के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को खत्म कर दिया गया। छात्र विरोध प्रदर्शन न करने संबंधी हलफनामा देने के संबंध में इस साल जून में जारी पीयू के आदेश को वापस लेने की भी मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने इसे “अलोकतांत्रिक” बताते हुए दावा किया है कि हलफनामे में छात्रों को यह घोषणा करनी होगी कि वे विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शनों में भाग नहीं लेंगे। पंजाब विश्वविद्यालय कैंपस छात्र परिषद के महासचिव अभिषेक डागर हलफनामे के मुद्दे पर भूख हड़ताल पर हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चन्नी ने मीडिया से बात करते हुए पीयू के शासी निकायों के पुनर्गठन के लिए भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “यह लोकतंत्र की हत्या है।” चन्नी ने कहा, “भाजपा और आरएसएस विश्वविद्यालय को व्यवस्थित तरीके से खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।” चन्नी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने विश्वविद्यालय को "पूरी तरह से नियंत्रित" कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीनेटरों की संख्या 91 से घटाकर 31 कर दी गई है। चन्नी ने कहा, "हम इसका डटकर मुकाबला करेंगे।"
Similar Post
-
नड्डा के बयान पर सिब्बल का हमला, बोले- 'कितना अहंकार है'
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल न ...
-
कॉजपा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता से जुड़ी याचिका पर तत्काल सुनवाई से अदालत का इनकार
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 'कॉक ...
-
भारत ने डेंगू के अपने पहले टीके को मंजूरी दी
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। सरकार ने मंगलवार को कहा कि टाक ...
