श्रीलंका की प्रधानमंत्री अमरसूर्या ने अपने पूर्व संस्थान हिंदू कॉलेज का दौरा किया
नई दिल्ली, गुरुवार, 16 अक्टूबर 2025। श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या ने अपने पूर्व संस्थान हिंदू कॉलेज का बृहस्पतिवार को दौरा किया और दिल्ली विश्वविद्यालय के इस प्रतिष्ठित संस्थान में अपने छात्र जीवन की यादें ताजा कीं। कॉलेज की प्रतिष्ठित पूर्व छात्रा अमरसूर्या ने 1991 से 1994 तक दिल्ली विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई की। अमरसूर्या 16 से 18 अक्टूबर तक भारत की यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। अमरसूर्या के आगमन पर परिसर के संकाय सदस्यों एवं छात्रों में काफी उत्साह देखा गया और श्रीलंकाई प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए दीवारों और गलियारों में बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए।
अमरसूर्या के परिसर में पहुंचने पर प्रधानाचार्य अंजू श्रीवास्तव ने उनका स्वागत किया। जैसे ही अमरसूर्या कार से बाहर निकलीं, उन्होंने मुख्य भवन की पहली मंजिल पर गलियारे में बैठे छात्रों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। सांगानेरिया सभागार में आयोजित समारोह में भाग लेने से पहले उन्होंने समाजशास्त्र विभाग के संकाय सदस्यों और कुछ छात्रों के साथ-साथ कॉलेज संसद के सदस्यों से भी बातचीत की। इस अवसर पर परिसर में एकत्र हुए संकाय सदस्यों, वर्तमान छात्रों और अन्य पूर्व छात्रों ने श्रीलंकाई प्रधानमंत्री की यात्रा पर खुशी और उत्साह व्यक्त किया।
Similar Post
-
लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइस रविवार से भारत की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे
नई दिल्ली, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइ ...
-
चक्रवात के पूर्वानुमान के मुद्देनजर राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा का दो दिवसीय दौरा स्थगित
भुवनेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। ओडिशा में अगले सप्ताह चक्रव ...
-
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के कुछ हिस्सों में कम तीव्रता का भूकंप
चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक), शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के चि ...
