जम्मू प्रशासन ने तवी नदी में बाढ़ के बाद सेवा बहाली का कार्य तेज किया
जम्मू, गुरुवार, 04 सितंबर 2025। तवी नदी में आई बाढ़ के बाद जम्मू शहर के निचले इलाकों में प्रशासन ने सेवा बहाली कार्य और मलबा हटाने का काम तेज़ कर दिया है तथा प्रभावित इलाकों में पानी और बिजली की आपूर्ति काफी हद तक बहाल कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने 70 प्रतिशत पानी और 80 प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।
रिकॉर्ड तोड़ बारिश के कारण 26 अगस्त को तवी नदी में आई बाढ़ के कारण सैकड़ों घर और कई हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई, इमारतें और पशुधन बह गए, तथा जम्मू शहर, विशेषकर गुज्जर नगर और पीरखो में हजारों लोग विस्थापित हो गए। संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने कहा, "इलाकों से कीचड़ और मलबा हटाने एवं तवी नदी के बाढ़ के पानी से जमा हुए मलबे को पूरी तरह से साफ करने के लिए सफाई अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। प्रशासन इस मुद्दे पर पूरी तरह से काम कर रहा है।"
कुमार ने उपायुक्त राकेश मिन्हास और जम्मू नगर निगम आयुक्त देवांश यादव के साथ बृहस्पतिवार को मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद मजदूरों और मशीनों द्वारा किए जा रहे कार्यों की निगरानी की। उन्होंने कहा, "इलाकों की जल्द से जल्द सफाई सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में मज़दूर और छह जेसीबी मशीन लगाई गई हैं। अधिकारी इस प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।" छब्बीस अगस्त की सुबह तवी नदी के उफान पर आने से निचले इलाके, खासकर पीरखो, गुज्जर नगर, गोरखा नगर, राजीव नगर और नदी किनारे की अन्य कॉलोनियां जलमग्न हो गईं जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
संभागीय आयुक्त ने कहा, "लगभग 70 प्रतिशत जलापूर्ति बहाल कर दी गई है और शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। युद्ध स्तर पर काम चल रहा है।" उन्होंने कहा कि जहां तक राहत का सवाल है, उपायुक्त द्वारा आकलन किया जा रहा है। कुमार ने कहा, "एक बार यह पूरा हो जाने पर, प्रभावित परिवारों को सहायता राशि दी जाएगी। सरकार लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।"
Similar Post
-
एसआईआर: गोवा की अंतिम मतदाता सूची अब 21 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी
नई दिल्ली, बुधवार, 11 फरवरी 2026। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को घोष ...
-
ओडिशा ने माओवादी आत्मसमर्पण नीति में बदलाव किया
भुवनेश्वर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। ओडिशा सरकार ने माओवादियों के ...
-
मप्र : मेफेड्रोन के कारखाने का खुलासा, उद्योगपति समेत दो गिरफ्तार
इंदौर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। मध्यप्रदेश पुलिस के नारकोटिक्स दस ...
