केरल के उद्यमशीलता विकास की प्रशंसा वाले थरूर के लेख से जुड़ा विवाद बंद अध्याय है: कांग्रेस
तिरुवनंतपुरम/नई दिल्ली, मंगलवार, 18 फ़रवरी 2025। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मंगलवार को कहा कि पार्टी नेता शशि थरूर के, केरल में वामपंथी सरकार के नेतृत्व में उद्यमशीलता के विकास की प्रशंसा वाले लेख से जुड़ा विवाद अब एक बंद अध्याय है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी ने इस मामले पर थरूर से बात की है और उन्होंने उन्हें बताया है कि अगर राज्य के उद्यमशीलता विकास पर सटीक आंकड़े उपलब्ध हों, तो वे अपने रुख पर पुनर्विचार करेंगे। वेणुगोपाल ने नयी दिल्ली में एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस पर किसी विवाद की कोई जरूरत नहीं है। यह एक बंद अध्याय है। यह कांग्रेस का दृष्टिकोण है।’’ उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस पार्टी वाम सरकार द्वारा किए गए दावों पर एक मजबूत दृष्टिकोण रखती है। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि वाम सरकार ने विकास पर आंकड़ों में हेरफेर किया है और एक प्रचार अभियान में लगी हुई है।
एआईसीसी महासचिव का बयान ऐसे समय में आया है जब थरूर वाम सरकार के नेतृत्व में राज्य के उद्यमशीलता विकास की प्रशंसा करने वाले अपने लेख के लिए कांग्रेस की केरल इकाई के नेताओं की आलोचना के केंद्र में हैं। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख के. सुधाकरन ने सोमवार को कहा कि उन्होंने तिरुवनंतपुरम के सांसद से सीधे बात की थी और उन्हें ‘‘अच्छी सलाह’’ दी थी। सुधाकरन ने कासरगोड में कहा था, ‘‘हर किसी की व्यक्तिगत राय हो सकती है, लेकिन पार्टी अपना आधिकारिक रुख तय करती है।’’ कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य थरूर ने रविवार को दावा किया था कि एक अंग्रेजी दैनिक में उनके लेख में कोई राजनीतिक संदर्भ नहीं था और उनका ध्यान केवल केरल के उद्यमशीलता और नवाचार-संचालित विकास पर था, जिसका उद्देश्य उस विशिष्ट क्षेत्र में राज्य के विकास को प्रदर्शित करना था।
Similar Post
-
लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइस रविवार से भारत की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे
नई दिल्ली, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइ ...
-
चक्रवात के पूर्वानुमान के मुद्देनजर राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा का दो दिवसीय दौरा स्थगित
भुवनेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। ओडिशा में अगले सप्ताह चक्रव ...
-
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के कुछ हिस्सों में कम तीव्रता का भूकंप
चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक), शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के चि ...
