मनमोहन सिंह को अर्थशास्त्री के रूप में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा: सुक्खू
शिमला, शुक्रवार, 27 दिसम्बर 2024। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कहा कि एक अर्थशास्त्री और राजनेता के रूप में उनकी सेवाओं तथा योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। भारत में आर्थिक सुधारों के प्रणेता मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में बृहस्पतिवार रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। सिंह को एक महान और दूरदर्शी नेता के रूप में याद करते हुए सुक्खू ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनके निधन से राष्ट्र को भारी क्षति पहुंची है।
सुक्खू ने कहा कि सिंह के कार्यकाल के दौरान भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की। उन्होंने कहा कि उनकी नीतियों और योजनाओं से देश को एक नयी वैश्विक पहचान हासिल करने में मदद मिली। सुक्खू ने ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों की शुरुआत करने के लिए सिंह को याद करते हुए कहा, ‘‘उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिससे समाज और अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आए।’’
उन्होंने कहा कि सिंह के नेतृत्व में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) लागू किया गया, जो समाज के गरीब और हाशिए पर खड़े वर्गों को रोजगार उपलब्ध कराने में एक ऐतिहासिक कदम साबित हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सूचना का अधिकार अधिनियम भी उनके कार्यकाल के दौरान पारित किया गया, जिससे सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई। उनके कार्यकाल में कई अन्य महत्वपूर्ण कानून भी बनाए गए, जिससे राष्ट्र की प्रगति का मार्ग प्रशस्त हुआ।’’
Similar Post
-
एसआईआर: गोवा की अंतिम मतदाता सूची अब 21 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी
नई दिल्ली, बुधवार, 11 फरवरी 2026। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को घोष ...
-
ओडिशा ने माओवादी आत्मसमर्पण नीति में बदलाव किया
भुवनेश्वर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। ओडिशा सरकार ने माओवादियों के ...
-
मप्र : मेफेड्रोन के कारखाने का खुलासा, उद्योगपति समेत दो गिरफ्तार
इंदौर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। मध्यप्रदेश पुलिस के नारकोटिक्स दस ...
