कश्मीर कड़ाके की ठंड की चपेट में
श्रीनगर, गुरुवार, 19 दिसम्बर 2024। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर इन दिनों जबरदस्त ठंड की चपेट में है और यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। श्रीनगर में मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में यह तापमान इस समय के औसत से 4.0 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले इस मौसम में श्रीनगर में सबसे कम तापमान 10 दिसंबर को शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था। यहां बर्फबारी होने के कारण डल झील के अंदरूनी हिस्से जम गए हैं, जिसकी वजह से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। कश्मीर घाटी के अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर जारी रहने और 26 दिसंबर तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होने तथा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आने का अनुमान है । इतना ही नहीं 27 दिसंबर की रात से 28 दिसंबर की सुबह तक कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं। पहलगाम का पर्यटक स्थल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां गुरुवार को तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जबकि पिछली रात को तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
कश्मीर के प्रवेशद्वार शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आई और बुधवार के शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले यह शून्य से 7.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस कम है। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम था, जो सामान्य से 3.27 डिग्री सेल्सियस कम रहा। गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में तापमान गुरुवार को लगातार दूसरे दिन शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज गया जबकि पिछली रात शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
Similar Post
-
शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा की चौखट पर सिर झुकाकर लोकतांत्रिक संस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया
बेंगलुरु, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
-
आय से अधिक संपत्ति मामला: उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय पहुंचे राहुल गांधी
नई दिल्ली, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ...
-
मुंबई में भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या आठ हुई, बचाव अभियान बंद किया गया
मुंबई, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। मुंबई के साकीनाका में हुए भूस्खल ...
