टीवीएस मोटर का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 41.4 प्रतिशत बढ़कर 588.13 करोड़ रुपये
चेन्नई की कंपनी टीवीएस मोटर कंपनी का चालू वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 41.4 प्रतिशत बढ़कर 588.13 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी का पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में शुद्ध लाभ 415.93 करोड़ रुपये रहा था। टीवीएस मोटर ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 11,301.68 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 9,932.82 करोड़ रुपये थी। कुल व्यय बढ़कर 10,427.64 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह 9,297.34 करोड़ रुपये था। टीवीएस मोटर ने कहा कि दूसरी तिमाही में उसने निर्यात सहित दोपहिया और तिपहिया वाहनों की संयुक्त रूप से सालाना आधार पर 14 प्रतिशत अधिक यानी 12.28 लाख इकाइयों की बिक्री की, जो किसी भी तिमाही का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। पिछले साल समान अवधि में कंपनी ने 10.74 लाख वाहन बेचे थे।
तिमाही के दौरान कंपनी की मोटरसाइकिल बिक्री 14 प्रतिशत बढ़कर 5.60 लाख इकाई रही, जो एक साल पहले समान तिमाही में 4.93 लाख इकाई थी। इस दौरान कंपनी की स्कूटर बिक्री 17 प्रतिशत बढ़कर 4.20 लाख इकाई से 4.90 लाख इकाई पर पहुंच गई। समीक्षाधीन अवधि में दोपहिया वाहनों का निर्यात 16 प्रतिशत बढ़कर 2.78 लाख इकाई हो गया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 2.39 लाख इकाई थी। कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल तिपहिया बिक्री 38,000 इकाई रही, जो 2023-24 की दूसरी तिमाही में 43,000 इकाई रही थी। दूसरी तिमाही में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 31 प्रतिशत बढ़कर 75,000 इकाई हो गई, जबकि 30 सितंबर 2023 को समाप्त तिमाही में यह 58,000 इकाई थी।
Similar Post
-
गिरावट से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स एक प्रतिशत से ज्यादा मजबूत
पिछले कारोबारी दिवस की भारी गिरावट से उबरते हुए घरेलू शेयर बाजारों ...
-
प्रवासी भारतीयों ने अप्रैल-दिसंबर में डीएलएफ की 5,250 करोड़ रुपये की संपत्तियां खरीदीं
रियल एस्टेट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी डीएलएफ ने चालू वित्त वर्ष की अप ...
-
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में गिरावट
आईटी कंपनियों के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती ...
