बसपा सुप्रीमो मायावती ने आर्मस्ट्रांग के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की
चेन्नई, रविवार, 07 जुलाई 2024। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के आर्मस्ट्रांग के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री आर्मस्ट्रांग की गत शुक्रवार की रात छह सदस्यीय गिरोह ने हत्या कर दी थी। सुश्री मायावती लखनऊ से विशेष विमान से सीधे पेरम्बूर स्थित एक निजी स्कूल पहुंचीं जहां श्री आर्मस्ट्रांग का पार्थिव शरीर जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। उन्होंने श्री आर्मस्ट्रांग के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सांत्वना भी दी।
पुलिस ने सुश्री मायावती की यात्रा तथा श्री आर्मस्ट्रांग के अंतिम संस्कार के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। सुश्री मायावती ने बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री आर्मस्ट्रांग की हत्या की केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच की मांग की तथा दावा किया कि असली अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने तमिलनाडु सरकार से कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा राज्य में दलितों के कल्याण के लिए पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा हत्या में शामिल असली अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए कदम उठाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने बसपा कार्यकर्ताओं से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार को घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने का अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। पुलिस ने अब तक इस हत्या के सिलसिले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसे पिछले साल हिस्ट्रीशीटर सुरेश की हत्या का परिणाम बताया जा रहा है। ग्रेटर चेन्नई सिटी पुलिस कमिश्नर संदीप राय राठौर ने हत्या में राजनीतिक पहलू से इनकार किया और कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हिस्ट्रीशीटर सुरेश की हत्या के बाद हुई पिछली दुश्मनी को हत्या का कारण बताया जा रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि पूरी जांच के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा। इससे पहले पोस्टमार्टम के बाद श्री आर्मस्ट्रांग का शव कल रात उनके परिवार को सौंप दिया गया था और उसे उनके अयनवरम स्थित आवास पर ले जाया गया जहां से उसे आज सुबह पेरम्बूर स्थित निजी स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया। राजनीतिक दलों के नेताओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने श्री आर्मस्ट्रांग के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी। इस बीच आर्मस्ट्रांग की पत्नी सुश्री पोरकोडी ने शनिवार देर रात मद्रास उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर पार्थिव शरीर को पेरम्बूर स्थित बसपा पार्टी कार्यालय में दफनाने की अनुमति मांगी है।
Similar Post
-
ममता का आरोप: धरना स्थल पर भाजपा बांट रही पर्चे, कार्यकर्ताओं से कहा- पकड़कर पुलिस को सौंपें
कोलकाता, सोमवार, 09 मार्च 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममत ...
-
राज ठाकरे ने मनसे के स्थापना दिवस पर सदस्यता अभियान शुरू किया
पुणे, सोमवार, 09 मार्च 2026। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के ...
-
बिहार के कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी
पटना, सोमवार, 09 मार्च 2026। मौसम विभाग ने सोमवार को बिहार के कई ...
