शेयर बाजार में रिकॉर्डतोड़ तेजी का दौर थमा, सेंसेक्स 210 अंक फिसला
वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुझान के बावजूद स्थानीय स्तर पर शुक्रवार को बैंक, वित्त एवं प्रौद्योगिकी शेयरों में मुनाफावसूली आने के कारण पिछले चार सत्रों से जारी तेजी का दौर थम गया। दोनों ही मानक सूचकांक हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों से हर रोज सेंसेक्स और निफ्टी के नया रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला भी थम गया। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स पहली बार 79,000 और निफ्टी 24,000 के स्तर के पार बंद हुए थे।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 210.45 अंक यानी 0.27 प्रतिशत गिरकर 79,032.73 पर बंद हुआ। हालांकि शुरुआती कारोबार में यह 428.4 अंक उछलकर 79,671.58 के नए रिकॉर्ड शिखर पर पहुंच गया था। लेकिन दोपहर के सत्र में बिकवाली शुरू होने के बाद यह दबाव में आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 33.90 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,010.60 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 129.5 अंक चढ़कर 24,174 के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन बाद में मुनाफावसूली का जोर रहने से इसे गिरावट का सामना करना पड़ा।
इसके साथ दोनों ही सूचकांक लगातार चार सत्रों से जारी तेजी को गंवा बैठे। पिछले चार कारोबारी दिनों में सेंसेक्स में कुल 2,033.28 अंक यानी 2.63 प्रतिशत की उछाल आई थी। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति, जेएसडब्ल्यू स्टील और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इसके विपरीत रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स, एशियन पेंट्स, नेस्ले और टाइटन सबसे ज्यादा लाभ में रहीं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोप के अधिकांश बाजार शुरूआती कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए। शेयर बाजार के आंड़ों के मुताबिक, विदेशा संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 7,658.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.89 प्रतिशत बढ़कर 87.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 568.93 अंक उछलकर 79,243.18 अंक और निफ्टी 175.70 अंक की बढ़त के साथ 24,044.50 के नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।
Similar Post
-
गिरावट से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स एक प्रतिशत से ज्यादा मजबूत
पिछले कारोबारी दिवस की भारी गिरावट से उबरते हुए घरेलू शेयर बाजारों ...
-
प्रवासी भारतीयों ने अप्रैल-दिसंबर में डीएलएफ की 5,250 करोड़ रुपये की संपत्तियां खरीदीं
रियल एस्टेट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी डीएलएफ ने चालू वित्त वर्ष की अप ...
-
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में गिरावट
आईटी कंपनियों के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती ...
