नवीनतम प्रौद्योगिकी के जरिए संसद की सुरक्षा को बेहतर किया गया है: ओम बिरला

img

नई दिल्ली, मंगलवार, 28 मई 2024। नए संसद भवन की सुरक्षा में हुई चूक की घटना की पृष्ठभूमि में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर मंगलवार को कहा कि उस घटना के बाद बेहतर प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए संसद की सुरक्षा को मजबूत किया गया है। नए संसद भवन के निर्माण की पहली वर्षगांठ पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने पीटीआई वीडियो को दिए साक्षात्कार में कहा,‘‘ हमने सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक इंतजाम किए हैं। उस घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए अलग अलग विशेषज्ञों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नवीनतम प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है।’’

13 दिसंबर 2023 को संसद की सुरक्षा में हुई चूक के बाद कम से कम चार लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही दो को हिरासत में लिया गया था। उस दिन दो लोग दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए थे। उन्होंने कैन से रंगीन धुआं छोड़ने के साथ ही नारेबाजी की थी। दो अन्य लोगों ने संसद भवन परिसर में भी ऐसा ही रंगीन धुआं छोड़ा था। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि 17वीं लोकसभा में पांच वर्ष की अवधि में कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए जिनमें लोकसभा तथा राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए वर्षों से लंबित ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ प्रमुख था। उन्होंने कहा कि इसके अलावा न्याय संहिता विधेयक और साक्ष्य विधेयक प्रमुख रहे जिनके माध्यम से अंग्रेजों के समय से चले आ रहे कानून को बदला गया।

लोकसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल में देश की जनता की आकांक्षाओं, आशाओं और अभिलाषा को पूरा करने के दिशा में सतत प्रयास करने का जिक्र करते हुए बिरला ने कहा कि उन्होंने सभी सांसदों को अपने विषयों को उठाने के लिए पर्याप्त समय दिया। देश की 18वीं लोकसभा के गठन के लिए इस समय आम चुनाव की प्रक्रिया जारी है। सातवें और अंतिम चरण का मतदान एक जून को होगा तथा मतों की गिनती चार जून को होगी। नये संसद भवन का उल्लेख करते हुए ओम बिरला ने कहा कि इसमें नयी प्रौद्योगिकी का उपयोग किया गया है और यह पर्यावरण अनुकूल है। साथ ही उन्होंने कहा कि नये संसद भवन को अब तक 80 हजार लोग देखने आ चुके हैं।

डिजिटल संसद की पहल के बारे में उन्होंने बताया कि इसके तहत सभी विधानमंडलों की कार्यवाही एक प्लेटफार्म पर हो, इस दिशा में कदम उठाये गए हैं। बिरला ने कहा कि अब तक देश के आधे विधानमंडलों की डिजिटल रूप दिया जा चुका है। लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि संसद भवन परिसर में इस समय कुछ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य चल रहा है जिसमें अलग अलग प्रदेशों की वनस्पतियों एवं संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी और यह देश का बेहतर लैंडस्केप प्रस्तुत करेगा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement