माकपा के भ्रष्टाचारी महल के संरक्षक हैं जयराजन : कांग्रेस नेता
कन्नूर (केरल), मंगलवार, 30 अप्रैल 2024। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष के. सुधाकरन ने मंगलवार को कहा कि वह जानते थे कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दिग्गज नेता और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के संयोजक ई पी जयराजन की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रकाश जावडे़कर से विवादास्पद मुलाकात को लेकर वाम नेता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। सुधाकरन ने कहा कि जयराजन सत्तारूढ़ दल के ‘भ्रष्टाचारी महल के संरक्षक’ हैं।
केरल में सत्तारूढ़ माकपा ने जयराजन का बचाव किया था और कहा था कि जावडे़कर से उनकी मुलाकात में कोई बुराई नहीं है। इसके एक दिन बाद कांग्रेस की ओर यह बयान सामने आया है। भाजपा ने जावडेकर को केरल का प्रभारी नियुक्त किया है। माकपा ने कहा था कि राजनेताओं का दूसरे दलों के अपने समकक्ष से मिलना बहुत आम है। सुधाकरन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में माकपा नेता पर तंज कसते हुए कहा कि सोमवार को जयराजन तिरुवनंतपुरम में स्थित राज्य सचिवालय से एक ऐसे क्रिकेट खिलाड़ी की तरह निकल रहे थे जैसे उन्होंने शतक मारा हो।
सुधाकरन ने आरोप लगाया कि पार्टी ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को बचाने के लिए जयराजन के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाने का फैसला किया है ताकि विजयन को किसी मुश्किल या परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा, ”मुझे पता था कि ई पी जयराजन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी क्योंकि वह उनके (माकपा) भ्रष्टाचारी महल के संरक्षक हैं। अगर जयराजन को कोई छुऐगा तो महल जलकर खाक हो जाएगा? मैंने शुरुआत में ही कहा था कि माकपा नेतृत्व, जयराजन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगा।” सुधाकरन ने कहा कि अगर जयराजन के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है तो विजयन सहित अन्य नेताओं के लिए संकट खड़ा हो जाएगा।
Similar Post
-
रेखा गुप्ता ने योजना के प्रचार के लिए ‘रैप्ड’ मेट्रो ट्रेन को रवाना किया
नई दिल्ली, बुधवार, 23 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने द ...
-
अवैध खनन: उच्चतम न्यायालय ने राजस्थान में वन अधिकारी को कुचलकर मार दिये जाने का संज्ञान लिया
नई दिल्ली, बुधवार, 23 सितंबर 2026। उच्चतम न्यायालय ने राजस्थान ...
-
ग्वालियर: एलएनआईपीई के छात्रों का प्रदर्शन जारी, कुलपति को बनाया बंधक
ग्वालियर, बुधवार, 23 सितंबर 2026। केंद्र सरकार के संस्थान लक्ष् ...
