केरल में प्रवासी मजदूर की हत्या के मामले में 10 लोग गिरफ्तार
कोच्चि, शनिवार, 06 अप्रैल 2024। केरल के मुवत्तुपुझा में संदिग्ध भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या के एक मामले में दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दो दिन पहले यहां एक प्रवासी मजदूर की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले 24 वर्षीय अशोक दास के रूप में हुई है। दास नौकरी की तलाश में केरल आया था और कुछ समय से पास के मुवत्तुपुझा के वलाकम में किराए के घर में रह रहा था। प्राथमिकी के अनुसार जब अशोक दास बृहस्पतिवार को उसी इलाके में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने गया, तो उस दौरान उसे स्थानीय लोगों ने खंभे से बांध दिया और उससे पूछताछ की। बाद में अशोक दास को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिकी में कहा गया है कि फिर दास को ‘कोलेनचेरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल’ में भेज दिया गया जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि मृत व्यक्ति के साथ स्थानीय लोगों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इस सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और भारतीय दंड संहिता की धारा 174 (लोक सेवक के आदेश का पालन न करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था। एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘प्रारंभिक जांच के बाद मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 लगायी गयी है।’ पुलिस ने कहा कि व्यापक जांच की जाएगी और सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Similar Post
-
राउत ने सांसदों को 50 करोड़ रुपये का प्रलोभन दिए जाने का आरोप लगाया, बागियों को इस्तीफे की चुनौती दी
मुंबई, बुधवार, 17 जून 2026। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ( ...
-
सुक्खू ने केंद्र से बढ़ी मुफ्त बिजली रॉयल्टी, 7784 करोड़ रुपये ऊर्जा बकाया जारी करने की मांग की
नई दिल्ली, बुधवार, 17 जून 2026। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सु ...
-
केरल सरकार ने 'पीएम श्री' पर गौर करने के लिए एक मंत्रिमंडलीय उपसमिति बनायी है: सतीशन
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 17 जून 2026। केरल के मुख्यमंत्री वी डी सत ...
