सिद्धरमैया ने अमित शाह के खिलाफ अपने बेटे के विवादास्पद बयान का बचाव किया
मैसुरु, सोमवार, 01 अप्रैल 2024। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अमित शाह पर निशाना साधने वाले अपने बेटे यतींद्र के बयान का सोमवार को बचाव किया, जिसे भाजपा ने निंदनीय और केंद्रीय गृह मंत्री पर निजी हमला बताया है तथा निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज करायी है। सिद्धरमैया ने कहा कि उनके बेटे का इरादा कभी भी शाह का अपमान करने का नहीं था और उनका बयान अदालत में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की दलील पर आधारित था। पूर्व विधायक यतींद्र ने पिछले बृहस्पतिवार को चामराजनगर जिले के हनूर शहर में पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए कथित तौर पर कहा, ‘गृह मंत्री अमित शाह एक गुंडा, उपद्रवी हैं, उनके खिलाफ गुजरात में हत्या का एक आरोप था और उन्हें तड़ीपार किया गया था तथा (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी ने ऐसे लोगों को अपने साथ में रखकर राजनीति की…।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई ने एक दिन बाद निर्वाचन आयोग में एक शिकायत दर्ज करायी, जिसमें बयान को पार्टी नेता पर व्यक्तिगत हमला बताया गया और आरोप लगाया गया कि यतींद्र ने शाह के खिलाफ ‘अपमानजनक और भड़काऊ भाषा’ का इस्तेमाल किया। इसमें कहा गया कि बयान से आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया। सिद्धरमैया ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘यतींद्र ने अदालत में सीबीआई रिपोर्ट के आधार पर बयान दिया है। क्या अदालत को सौंपी गई सीबीआई रिपोर्ट सही है या गलत? अदालत में सीबीआई की दलील के आधार पर उन्होंने यह बात कही है। उनका अमित शाह का अपमान करने का कोई इरादा नहीं है।’’
भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि यतींद्र का बयान उनकी परवरिश को दर्शाता है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, सिद्धरमैया ने कहा कि वह तो भाजपा है जो ‘संस्कार’ नहीं जानती है। आगामी लोकसभा चुनाव में देशभर में 400 से अधिक सीट जीतने के भाजपा के दावे पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘आप जानते हैं (भाजपा ऐसा क्यों कह रही है), क्योंकि उन्हें 200 से भी कम सीट मिलेंगी। उन्होंने एक सर्वेक्षण किया है। उनकी सीट की संख्या 200 से कम है, इसलिए वे जानबूझकर ‘400’ (सीट) कह रहे हैं।’’ यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर कितनी सीट जीतेगी, सिद्धरमैया ने कहा कि उन्हें इस लक्ष्य के बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि पार्टी राज्य में कुल 28 में से 20 सीट हासिल करेगी।
Similar Post
-
सीजेपी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं: दीपके
नागपुर, मंगलवार, 16 जून 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस् ...
-
अयोध्या में सक्रिय "सनातन विरोधी" गिरोह का पता लगाने के लिए गहन जांच होनी चाहिए: अखिलेश
लखनऊ, मंगलवार, 16 जून 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध ...
-
ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट पर विधानसभा चुनाव नतीजे को कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती दी
कोलकाता, मंगलवार, 16 जून 2026। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर् ...
