विपक्ष ने दिखाई एकजुटता

img

नई दिल्ली, रविवार, 31 मार्च 2024। विपक्षी दलों के प्रमुख नेता रविवार को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में इंडिया समूह के नेतृत्व में जुटे और अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इंडिया समूह ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की कथित जन विरोधी नीतियों और तानाशाही के विरोध में लोकतंत्र बचाओ रैली का आयोजन किया जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ,प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव,राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) के शरद पवार, शिवसेना (उद्धव गुट) के उद्धव ठाकरे, झारखंड मुक्ति मोर्चा की कल्पना सोरेन और झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन, आम आदमी पार्टी के गोपाल राय और सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी राजा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सीताराम येचुरी,नेशनल कांफ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की महबूबा मुफ्ती, द्रविड़ मुनेत्र कषगम के तिरुचि शिवा समेत 28 पार्टियों के नेता शामिल हुए।

लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों ने इस जनसभा का आयोजन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी, भाजपा की केंद्र सरकार की कथित तानाशाही, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के विरोध में किया। महारैली को संबोधित करते हुए श्री खड़गे ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए है। देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहा है। श्री मोदी लोकतंत्र नहीं चाहते हैं। वह तानाशाही तरीके से देश को चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और नेताओं को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है जिससे वे चुनाव नहीं लड़ सकते।

गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोकसभा चुनाव में फिक्सिंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले नेताओं को जेल में डाला जा रहा है। चुनाव कराने वाले अधिकारी बदल दिए गए हैं। बैंक खातों पर रोक लगा दी गई है और आयकर विभाग के माध्यम से डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान बदलने की तैयारी कर रही है। इसलिए मोदी सरकार को हटाना आवश्यक है। श्रीमती वाड्रा ने कहा कि चुनावी बाँड की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में विशेष कार्यकाल का गठन किया जाना चाहिए। श्री केजरीवाल और श्री सोरेन को तत्काल रिहा किया जाना चाहिए और और राजनीतिक दलों के आर्थिक स्रोतों को बंद नहीं करना चाहिए। चुनाव आयोग को स्वतंत्र रूप से काम करने देना चाहिए।

सुश्री मुफ्ती ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों में कट्टरता पैदा की है और उनके हाथ में लाठियां थमा दी है। राजा ने कहा कि यह सरकार संविधान का उल्लंघन कर रही है और लोकतंत्र खत्म कर रही है। इस सरकार का जाना लोकतंत्र के हित में है। श्रीमती सुनीता केजरीवाल ने श्री केजरीवाल का पत्र पढ़ा और शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली की सुविधा सभी तक पहुंचाने समेत छह गारंटी दी। श्रीमती कल्पना सोरेन ने कहा कि यह सरकार आदिवासियों के अधिकारों को खत्म कर रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने बेरोजगारी बढ़ाई है और किसानों को तबाह कर दिया है। उन्होंने मोदी सरकार पर ध्यान भटकने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संविधान में कोई विश्वास नहीं है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement